सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मातृ मृत्यु के प्रकरणों में अपेक्षित कमी लाए जाने हेतु सीएमएचओ भोपाल डॉ.मनीष शर्मा द्वारा एमडीएसआर समीक्षा बैठक ली गई। जयप्रकाश जिला चिकित्सालय में आयोजित बैठक में मातृ मृत्यु के विभिन्न प्रकरणों की गहन समीक्षा कर मृत्यु के कारणों की जांच की गई।
बैठक में मातृ मृत्यु प्रकरणों की विभिन्न स्तरों पर जांच की गई, जिसमें शीघ्र पंजीयन, समय पर जांचे, मातृ शिशु सुरक्षा कार्ड में प्रविष्टि, हाईरिस्क के रूप में पहचान एवं प्रबंधन, एक्सटेंडेड प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में जांच,अनमोल पोर्टल पर प्रविष्टि इत्यादि के आधार पर समीक्षा की गई। साथ ही गंभीर रक्तस्राव, संक्रमण, एक्लैंपशिया, प्री एक्लैंपशिया,ऑब्स्ट्रक्टेड लेबर, असुरक्षित गर्भपात जैसे कारणों से हुई मातृ मृत्यु प्रकरणों पर चर्चा कर सुधार हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएमएचओ ने निर्देश दिए की हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की जांच चिकित्सक द्वारा अनिवार्य रूप से की जाए। महिला को दूसरे अस्पताल में रेफर करना आवश्यक होने पर इसकी पूर्व सूचना संबंधित अस्पताल को देकर ही रेफरल किया जाए। रेफरल पश्चात भी महिला का निरंतर फॉलोअप किया जाए। साथ ही रेफरल 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ.मनीष शर्मा ने बताया कि गर्भावस्था, प्रसव के दौरान और प्रसव पश्चात जटिलताओं के परिणामस्वरुप महिलाओं की मृत्यु हो जाती है। इनमें से ज्यादातर जटिलताएं गर्भावस्था के दौरान विकसित होती हैं और उनमें से अधिकतर को रोका जा सकता है एवं प्रबंधन किया जा सकता है।
सुरक्षित मातृत्व सेवाओं के लिए शासन द्वारा जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सेवा प्रसूति सहायता योजना,सुरक्षित मातृत्व आश्वासन कार्यक्रम, एक्सटेंडेड प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, नि:शुल्क परिवहन सेवा जैसे कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

#मातृमृत्यु #स्वास्थ्यविभाग #समीक्षाबैठक #मातृस्वास्थ्य #चिकित्सासुविधा #जागरूकताकार्यक्रम #सार्वजनिकस्वास्थ्य