सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंखों में जलन-खुजली पर खुद से आई ड्रॉप डालना कितना सही? AIIMS डॉक्टर ने बताया तरीका
नई दिल्ली। आंखों में जलन, चुभन, खुजली या सूखापन होने पर कई लोग बिना डॉक्टर की सलाह के मेडिकल स्टोर से आई ड्रॉप खरीदकर इस्तेमाल करने लगते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, हर तरह की आई ड्रॉप आंखों के लिए सुरक्षित नहीं होती और गलत दवा समस्या को बढ़ा सकती है।
नई दिल्ली स्थित एम्स के डॉ. राजेंद्र प्रसाद नेत्र विज्ञान केंद्र के पूर्व प्रमुख पद्मश्री डॉ. जीवन सिंह तितियाल के अनुसार, आंखों में जलन और सूखापन का एक कारण ड्राई आई हो सकता है। लंबे समय तक मोबाइल या कंप्यूटर देखने, पंखे या एयर-कंडीशनर की सीधी हवा और उम्र बढ़ने के कारण भी यह समस्या हो सकती है। ऐसी स्थिति में उपयुक्त आई ड्रॉप राहत दे सकती है, लेकिन दवा का चयन सावधानी से करना जरूरी है।
डॉक्टर ने खास तौर पर स्टेरॉइड वाली आई ड्रॉप को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। कोई भी आई ड्रॉप खरीदने से पहले उसके घटकों की जानकारी पढ़नी चाहिए। जरूरत होने पर चिकित्सक या फार्मासिस्ट से पूछना चाहिए कि उसमें स्टेरॉइड तो नहीं है। बिना चिकित्सकीय सलाह के ऐसी ड्रॉप का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। अगर आई ड्रॉप डालने के बाद आंखों की लालिमा बढ़ जाए, जलन या दर्द ज्यादा हो या नजर धुंधली होने लगे, तो खुद से बार-बार ड्रॉप डालते रहने के बजाय नेत्र चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। आंखों को आराम देने के लिए लंबे समय तक लगातार स्क्रीन देखने से बचना और 20-20-20 नियम अपनाना भी मददगार हो सकता है।
Hashtags: #Health #Bhopal #Desksource #जलन #Aiims #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #दकर