सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: स्पाइसजेट की मुंबई-गोरखपुर फ्लाइट रद्द, यात्रियों ने विमान के पास गुजारी रात

मुंबई। स्पाइसजेट की मुंबई से गोरखपुर जाने वाली फ्लाइट SG553 अचानक रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। 1 नवंबर की रात हुई इस घटना के बाद कई यात्रियों को मुंबई एयरपोर्ट पर विमान के पास खुले टारमैक पर रात गुजारनी पड़ी। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एयरलाइन की व्यवस्था और यात्रियों को दी गई सुविधाओं पर सवाल उठने लगे हैं।

यात्रियों की ओर से साझा किए गए वीडियो में एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया। कुछ बच्चे रोते नजर आए, जबकि अन्य यात्री अचानक उड़ान रद्द होने पर नाराजगी जताते दिखे। यात्रियों का आरोप था कि उड़ान के समय में कई बार बदलाव किया गया। इसके बाद उन्हें विमान में बैठने दिया गया और सुरक्षा संबंधी प्रक्रिया भी पूरी कराई गई, लेकिन करीब एक घंटे बाद उड़ान रद्द होने की जानकारी दी गई। यात्रियों ने सवाल उठाया कि जब विमान गोरखपुर में निर्धारित समय तक नहीं पहुंच सकता था, तो बोर्डिंग की अनुमति क्यों दी गई।

स्पाइसजेट ने अपने बयान में बताया कि 1 नवंबर को उड़ान SG553 को गोरखपुर एयरपोर्ट पर परिचालन संबंधी समय प्रतिबंधों के कारण रद्द करना पड़ा। एयरलाइन के अनुसार, गोरखपुर एक रक्षा हवाई अड्डा है, जहां रात 9 बजे के बाद परिचालन समय बढ़ाने की अनुमति नहीं मिल सकी।

एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए 2 नवंबर को फंसे हुए यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त उड़ान की व्यवस्था करने की जानकारी दी।

हालांकि, इस घटना ने उड़ान रद्द होने की स्थिति में यात्रियों को समय पर सूचना देने, वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखने जैसे सवाल खड़े कर दिए हैं।


Hashtags: #MumbaiCity #Bhopal #स्पाइसजेट #मुंबई #गोरखपुर #फ्लाइट #रद्द #यात्रियों #विमान #स्पाइसजेटकीमुंबईगोरखपुर