सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: लोढ़ा डेवलपर्स के पूर्व निदेशक पर 6.67 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप
मुंबई। लोढ़ा डेवलपर्स के पूर्व निदेशक राजेंद्र लोढ़ा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ कंपनी को कथित तौर पर 6.67 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोप में एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला वर्ष 2019 में भिवंडी की जमीन के सौदे और दक्षिण मुंबई में एक फ्लैट के आवंटन से जुड़ा है। मुंबई के एनएम जोशी मार्ग पुलिस थाने में यह एफआईआर दर्ज की गई है।
कंपनी की शिकायत के मुताबिक, राजेंद्र लोढ़ा ने अपने पद और अधिकारों का कथित दुरुपयोग करते हुए भिवंडी की जमीन के सौदे को दक्षिण मुंबई स्थित कंपनी के एक फ्लैट की बिक्री से जोड़ दिया। शिकायत में कहा गया है कि फ्लैट की शुरुआती कीमत 6.86 करोड़ रुपये थी, जिसे कथित तौर पर 1.5 करोड़ रुपये की छूट देकर 5.36 करोड़ रुपये कर दिया गया। इसके बाद सैकवीर बिल्डर्स एंड डेवलपर्स एलएलपी को फ्लैट आवंटित किया गया।
आरोप है कि राजेंद्र लोढ़ा ने सैकवीर बिल्डर्स की सेवाओं को भिवंडी की जमीन का साफ और बिक्री योग्य मालिकाना हक दिलाने से जोड़ते हुए उनकी कीमत पांच करोड़ रुपये बताई। इस रकम को फ्लैट की बकाया कीमत में समायोजित करने के निर्देश दिए गए। शिकायत में नितिन नारायण केनी को भी सौदे में शामिल करने और उन्हें 17 लाख रुपये का भुगतान कराने का आरोप लगाया गया है।
कंपनी का दावा है कि राजेंद्र लोढ़ा समेत पांच अन्य लोगों की कथित भूमिका से उसे कुल 6.67 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लेनदेन और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
राजेंद्र लोढ़ा पहले से ही कंपनी के साथ कथित वित्तीय अनियमितताओं के अन्य मामलों में न्यायिक हिरासत में हैं। इससे पहले कंपनी ने उन पर करीब 85 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। प्रवर्तन निदेशालय भी इस मामले से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रहा है। हालांकि, ताजा मामले में लगाए गए आरोपों की जांच अभी जारी है और आरोपों का न्यायिक रूप से साबित होना बाकी है।
Hashtags: #MumbaiCity #Bhopal #लोढ़ा #डेवलपर्स #पूर्व #निदेशक #करोड़ #धोखाधड़ी #आरोप #लोढ़ाडेवलपर्सकेपूर्व