सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: देश की पहली बुलेट ट्रेन में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, 557 यात्रियों की क्षमता
मुंबई। भारत की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन अब आकार ले रही है। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के लिए तैयार की जा रही B28 ट्रेन अपनी रफ्तार और आधुनिक यात्री सुविधाओं के कारण चर्चा में है। इस ट्रेन की अधिकतम परीक्षण गति 280 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है, जबकि इसकी प्रस्तावित परिचालन गति 249 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इसे बेंगलुरु स्थित बीईएमएल की निर्माण इकाई में तैयार किया जा रहा है।
करीब 202 मीटर लंबी इस ट्रेन में आठ कोच होंगे। इसमें चार मोटर कार और चार ट्रेलर कार शामिल हैं। ट्रेन में लगभग 557 यात्री सफर कर सकेंगे। सात कोच स्टैंडर्ड क्लास के होंगे, जिनमें 3×2 सीटिंग व्यवस्था रहेगी, जबकि एक एग्जीक्यूटिव क्लास कोच में 2×2 सीटें होंगी। दिव्यांगजन और कम चलने-फिरने में सक्षम यात्रियों के लिए भी विशेष जगह उपलब्ध कराई जाएगी।
यात्रियों को सफर के दौरान वाई-फाई आधारित इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा, जिसके जरिए पहले से उपलब्ध मनोरंजन सामग्री देखी जा सकेगी। कोच में एलसीडी स्क्रीन पर हिंदी, अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं में यात्रा संबंधी जानकारी दिखाई जाएगी। इसके अलावा ऑटोमेटिक अनाउंसमेंट, इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम और मोबाइल-लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट भी उपलब्ध होंगे।
आरामदायक सफर के लिए एर्गोनॉमिक सीटें, चौड़ी खिड़कियां, एलईडी लाइटिंग, लगेज रैक और बायो-डाइजेस्टर शौचालय लगाए जाएंगे। प्रत्येक कोच में तापमान और नमी नियंत्रित रखने के लिए आधुनिक एयर कंडीशनिंग सिस्टम होगा। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर अनुकूल दरवाजे, विशेष शौचालय और ब्रेल संकेत भी दिए जाएंगे।
रेलवे के अनुसार, मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर पर पहली सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य अगस्त 2027 रखा गया है। शुरुआत में सूरत-वापी खंड पर ट्रेन चलाने की योजना है।
Hashtags: #MumbaiCity #Bhopal #देश #पहली #बुलेट #ट्रेन #मिलेंगी #आधुनिक #सुविधाएं #देशकीपहलीबुलेट