सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही का नाम सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के कथित ठगी और रंगदारी मामले में एक बार फिर चर्चा में है। अभिनेत्री की लीगल टीम ने स्पष्ट किया है कि नोरा इस मामले में न तो आरोपी हैं और न ही उन पर किसी अपराध में शामिल होने का आरोप है। उन्हें अदालत में केवल गवाह के रूप में बुलाया गया है।
लीगल टीम के मुताबिक, 2 नवंबर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में मामले की सुनवाई के दौरान नोरा को गवाही के लिए उपस्थित होना था। उनके वकीलों ने अदालत को बताया कि उन्हें समन बहुत कम समय पहले मिला था और पहले से तय व्यावसायिक प्रतिबद्धताओं के कारण वह पेश नहीं हो सकीं। इसके बाद व्यक्तिगत पेशी से छूट के लिए आवेदन दिया गया। अदालत ने मामले की सुनवाई 6 नवंबर तक स्थगित करते हुए नोरा को दोबारा समन जारी किया।
यह मामला सुकेश चंद्रशेखर पर दिल्ली की रोहिणी जेल में रहते हुए वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों का रूप धारण कर पूर्व फोर्टिस प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपये की कथित वसूली करने के आरोपों से जुड़ा है।
जांच के दौरान नोरा से सुकेश और उसकी पत्नी लीना मारिया पॉलोस से कथित संपर्क तथा महंगे उपहारों को लेकर पूछताछ की गई थी। बाद में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा की पूरक चार्जशीट में उन्हें अभियोजन पक्ष के गवाह के रूप में शामिल किया गया।
लीगल टीम ने कहा है कि नोरा अदालत की सहायता के लिए गवाही देंगी। उनके खिलाफ इस मामले में आरोपी के तौर पर कोई कार्रवाई दर्ज नहीं है।
Hashtags: #MumbaiCity #Delhi #सुकेश #केस #आरोपी #नहीं #गवाह #नोरा #फतेही #सुकेशकेसमेंआरोपी