सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: पुणे के सार्वजनिक परिवहन को नई रफ्तार देने वाली मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन आज 3 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। करीब 8,313 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 23.2 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर शहर के प्रमुख आईटी हब हिंजवड़ी को शिवाजीनगर स्थित जिला न्यायालय मेट्रो स्टेशन से जोड़ेगा। उद्घाटन कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगा। यात्रियों के लिए इस मार्ग पर मेट्रो सेवा 4 नवंबर से शुरू करने की योजना है।
इस कॉरिडोर की सबसे खास बात यह है कि इसका संचालन पूरी तरह महिला ट्रेन ऑपरेटरों के हाथों में होगा। करीब 100 महिला ट्रेन पायलट मेट्रो चलाएंगी। स्टेशन संचालन और अन्य सेवाओं में भी महिलाओं की भागीदारी रहेगी। इस पहल को शहरी परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पिंक लाइन पर कुल 23 स्टेशन बनाए गए हैं। इसका मार्ग मान से शुरू होकर हिंजवड़ी फेज-1 और फेज-2, वाकड, बालेवाड़ी, बनर, औंध, सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय, कृषि महाविद्यालय और शिवाजीनगर होते हुए जिला न्यायालय तक पहुंचेगा। शुरुआत में 23 में से 17 स्टेशन यात्रियों के लिए खोले जाएंगे। शेष स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की योजना है।
किराये की प्रस्तावित दरें दूरी के आधार पर तय की गई हैं। दो किलोमीटर तक के सफर के लिए 12 रुपये, 2 से 4 किलोमीटर के लिए 25 रुपये, 4 से 8 किलोमीटर के लिए 37 रुपये, 8 से 12 किलोमीटर के लिए 43 रुपये और 12 से 18 किलोमीटर के लिए 49 रुपये किराया प्रस्तावित है। 18 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए अधिकतम किराया 62 रुपये बताया गया है।
पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से भी इस परियोजना में विशेष व्यवस्था की गई है। मेट्रो की कुल बिजली जरूरत का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा करने की योजना है। इसके लिए 7.60 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए गए हैं। परियोजना से सड़क यातायात का दबाव और वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री इस अवसर पर पुणे मेट्रो के दूसरे चरण की चार नई लाइनों का भी शिलान्यास करेंगे। करीब 13,500 करोड़ रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं से खड़की, खराड़ी, हड़पसर, स्वारगेट, खडकवासला और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बढ़ाने की योजना है।
Hashtags: #MumbaiCity #Bhopal #पुणे #मेट्रो #पिंक #लाइन #शुरू #महिला #ऑपरेटर #पुणेमेट्रोकीपिंक