सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार सुबह चुनाव प्रचार पर जाने से पहले भोपाल में अपने निवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कांग्रेस पर कई आरोप लगाए। शिवराज ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर कटाक्ष करते हुए कहा- वे न जाने कैसा जादू करते हैं सब गायब हो जाते हैं। छिंदवाड़ा वाले गायब होते-होते रह गए।

इससे पहले पूर्व सीएम शिवराज ने कहा- कांग्रेस के नेता बार-बार ये रट लगा रहे है कि लोकतंत्र खतरे में है। कांग्रेस आरोप लगा रही है कि सरकार हमारे नेताओं को जेल भेज रही है। मैं कांग्रेस से पूछता हूं कि जब मैं 17 साल का था तब मुझे जेल भेजा गया था, तब किसने लोकतंत्र की हत्या की थी ? पहले नेता कितना बड़ा भी भ्रष्टाचार कर दे उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती थी। लोगों के बीच ये धारणा बन गई थी, लेकिन पीएम मोदी के राज में जो कोई अपराध करेगा वो जेल जाएगा।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

शिवराज सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अजीबोगरीब बयान दे रहे है। राहुल गांधी कह रहे है कि यदि बीजेपी आई तो देश जल जाएगा। उन्हें बताना चाहिए कि क्या कांग्रेस देश को जलाएंगी। राहुल पहले भी कहते थे कि धारा 370 हटाई तो कश्मीर जल जाएगा, लेकिन पत्ता भी नहीं खड़का, क्या सोनिया राहुल के बयान से सहमत है, बताएं ?

कांग्रेस का घोषणा पत्र झूठा

पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठे वादे करती है। उनके वादे झूठे है वो कभी कोई वादा पूरा नहीं करती। बीजेपी रिपोर्ट कार्ड और रोड मैप को लेकर जनता के बीच जा रही है। भाजपा जल्द ही एक सशक्त घोषणा पत्र लाएगी, काम चल रहा है। वहीं लाडली बहना योजना की राशि को लेकर भी शिवराज सिंह ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आज फिर लाडली बहनों के खाते में पैसे आएंगे। ऐसी योजनाएं हमेशा चलती रहनी चाहिए।

जीतू पटवारी कर रहे हैं जादू

भाजपा जॉइन कर रहे विपक्ष के नेताओं पर शिवराज सिंह ने कहा कि भाजपा पुन:निर्माण का आंदोलन है। देश की सेवा के लिए जो भी साथ आना चाहता है स्वागत है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की बीते एक सप्ताह से राजनीतिक कार्यक्रमों में नजर नहीं आने के सवाल पर शिवराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी न जाने कैसा जादू करते हैं सब गायब हो जाते हैं। छिंदवाड़ा वाले गायब होते-होते रह गए।

आज आएगा लाड़ली बहना का पैसा

लाड़ली बहना योजना पर उन्होंने कहा- में मुख्यमंत्री मोहन यादव को बधाई देता हूं उन्होंने कहा था कोई योजना बंद नहीं होगी। योजना बंद नहीं हुई। आज फिर बहनों के खाते में पैसे डाले जाएंगे। इस योजना से महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आए हैं।