सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने तथा राष्ट्रव्यापी पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में अभियान के दूसरे दिन भी विशेष पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान जारी रहा। मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय डोगरा के निर्देशन में चिकित्सा विभाग की टीमों ने रेलवे कॉलोनियों एवं रेलवे स्टेशन पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।

अभियान के दूसरे दिन रेलवे परिवारों के 210 बच्चों एवं गैर-रेलवे परिवारों के 30 बच्चों सहित कुल 240 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान की गई।

इस दौरान पूर्वी रेलवे कॉलोनी, कोच रिपेयर रेलवे कॉलोनी, निशातपुरा, हबीबगंज रेलवे कॉलोनी तथा भोपाल रेलवे स्टेशन पर विशेष टीकाकरण व्यवस्था की गई। चिकित्सा विभाग की टीमों ने इन स्थानों पर पहुंचकर पात्र बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई तथा अभिभावकों को प्रत्येक पल्स पोलियो अभियान में अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाने के लिए जागरूक किया।

भोपाल मंडल में पल्स पोलियो अभियान का दूसरा दिन भी सफल

भोपाल मंडल द्वारा 28 जून को आयोजित प्रथम चरण के व्यापक अभियान में रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों एवं रेलवे कॉलोनियों में 2,471 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई थी। दूसरे दिन भी अभियान को निरंतर जारी रखते हुए शत-प्रतिशत पात्र बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।

सीनियर मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में चिकित्सा विभाग, रेलवे कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं अभिभावकों का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे प्रत्येक पल्स पोलियो अभियान में अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त भारत के राष्ट्रीय संकल्प को साकार किया जा सके।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #सफल #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #रखन #करण