आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश में अक्टूबर में मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी पड़ रही है। पिछले तीन दिन से दमोह सबसे गर्म है। यहां तापमान 37 डिग्री के पार चल रहा है। मंगलवार को दमोह में दिन का तापमान 37.6 डिग्री पहुंच गया। बड़े शहरों की बात करें, तो ग्वालियर में पारा 36 डिग्री पार है, जबकि भोपाल में भी टेम्प्रेचर 35 डिग्री से अधिक है।

मौसम विभाग की मानें तो ग्वालियर, भोपाल, उज्जैन, इंदौर और जबलपुर में पिछले साल के मुकाबले इस बार ज्यादा गर्मी पड़ रही है। रात के तापमान में भी मामूली इजाफा हुआ है। इससे गुलाबी ठंड गायब सी हो गई है। 15 अक्टूबर के बाद हल्की ठंड का असर शुरू होगा।

ऐसा मौसम क्यों?

मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि अभी प्रदेश में कोई वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव नहीं है। बादल नहीं होने से धूप सीधे जमीन पर आ रही है। इस कारण धूप की तीव्रता 20% तक ज्यादा है। इसके अलावा राजस्थान से सूखी हवा भी आ रही है। इस वजह से गर्मी का असर है।

भोपाल में 5 साल पहले 35.7 पर पहुंचा था पारा

भोपाल में पिछले 11 साल के अक्टूबर के मौसम की बात करें तो एक बार 2015 में 37 और दूसरी बार 2017 में दिन का तापमान 36 डिग्री के पार गया था। 21 अक्टूबर 2017 में तापमान 35.7 डिग्री तक पहुंच गया था। इसके बाद 2022 तक तापमान कम ही रहा, लेकिन इस साल मंगलवार को तापमान 35.5 डिग्री पहुंच गया। पिछले पांच साल में यह सबसे अधिक है।

ग्वालियर में 36.1 डिग्री तापमान

ग्वालियर में मंगलवार को तापमान 36.1 डिग्री रहा। पिछले साल 2 अक्टूबर को ही तापमान 36 डिग्री पर रहा था। बाकी दिनों में तापमान इससे कम रहा, लेकिन इस साल तो पारा 36 डिग्री के पार ही चल रहा है।

जबलपुर में भी 35 डिग्री पार पहुंचा तापमान

जबलपुर में इस बार तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया है। सोमवार को तापमान 35.1 डिग्री और मंगलवार को 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले वर्ष 2018 में तापमान 35 डिग्री से अधिक रहा था। यानी इस साल अक्टूबर में गर्मी का असर अधिक है।

इंदौर में भी गर्मी का असर

इंदौर में भी गर्मी का असर है। यहां पारा 34 डिग्री के आसपास चल रहा है। पिछले सालों के मुकाबले इस बार भी ज्यादा गर्मी पड़ रही है।