आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश के 13 जिलों में मंगलवार को हल्की बारिश होने के आसार हैं। कुछ जगह तेज हवाएं भी चलेंगी। ऐसा वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से होगा। इसके बाद गुलाबी ठंड का दौर शुरू होगा।
आज इन जिलों में बारिश के आसार: ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना और सतना।
कल यहां बारिश हो सकती है: ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना और सतना।
24 घंटे में कहां – कितनी बारिश
खंडवा 0.98 (बारिश इंच में)
शिवपुरी 0.19
रीवा 0.12
नर्मदापुरम 0.10
सतना 0.10
दमोह 0.03
ग्वालियर 0.02
(सोमवार सुबह 8.30 बजे से मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक की बारिश)
ऐसा मौसम क्यों?
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि सीजन का पहला वेस्टर्न डिस्टरबेंस प्रदेश में एक्टिव है। इस वजह से पिछले दो दिन कई जिलों में हल्की बारिश हुई। मंगलवार को भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। बारिश का दौर थमने के बाद ठंड का असर बढ़ेगा। अक्टूबर के आखिरी में रात के टेम्प्रेचर में गिरावट होगी।
भोपाल में 2.9 डिग्री लुढ़का दिन का टेम्प्रेचर
प्रदेश में हल्की बारिश की एक्टिविटी होने से सोमवार को दिन के टेम्प्रेचर में गिरावट देखने को मिली। भोपाल में पारा 2.9 डिग्री तक लुढ़क गया। यहां तापमान 32.8 डिग्री दर्ज किया गया।
उज्जैन, शिवपुरी, रायसेन, पचमढ़ी, खरगोन, खंडवा, गुना, ग्वालियर, इंदौर, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, नरसिंहपुर, नौगांव, रीवा, सागर, सीधी, टीकमगढ़ और उमरिया में भी तापमान में गिरावट रही।
सबसे ज्यादा तापमान दमोह में 36 डिग्री रहा। रीवा, सतना, सीधी, गुना, ग्वालियर, नर्मदापुरम और रतलाम में तापमान 35 डिग्री या इससे अधिक दर्ज किया गया।
गर्मी-गुलाबी ठंड का असर, अब बारिश भी
अक्टूबर में तीनों मौसम का ट्रेंड है। भोपाल, ग्वालियर, दमोह, जबलपुर, उज्जैन समेत कई शहरों अक्टूबर में मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी पड़ी। कई जिलों में पारा 37 डिग्री से ज्यादा ही रहा।
अक्टूबर के शुरुआती सप्ताह में गुलाबी ठंड का असर भी रहा। राजस्थान से सूखी हवा के आने और धूप की तीव्रता 20% तक बढ़ने से गुलाबी ठंड का असर कम हो गया।
पिछले दो दिन से बारिश और बादल छा रहे हैं। मंगलवार को भी बारिश होने का अनुमान है। इस तरह अक्टूबर में बारिश का ट्रेंड भी बरकरार है।