सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कृषि अवसंरचना निधि AIF योजना तथा एमपी फार्म गेट एप का एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन रीवा जिले में किया गया।
एमपी फार्म गेट एप तथा प्रदेश में भारत सरकार की योजना कृषि अवसंरचना निधि AIF की विशेषताओं का प्रचार-प्रसार करने कृषकों, व्यापारियों, उद्यमियों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को इन योजनाओं की मुख्य विशेषताएँ जैसे फसलोपरांत प्रबंधन एवं सामुदायिक खेती संबंधित परियोजना की जानकारी मंडी बोर्ड भोपाल के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में समदरिया गोल्डन होटल‚ रीवा में कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला के प्रारंभ में रीवा नगर निगम की आयुक्त सुश्री संस्कृति जैन द्वारा उपस्थित समस्त अतिथियों का स्वागत किया गया, रीवा शहर के अनुभाग अधिकारी राजस्व एवं मंडी समिति रीवा के भारसाधक अधिकारी अनुराग तिवारी, डी.एम.आई. भोपाल के रीजनल डायरेक्टर प्रसाद चक्रवर्ती कार्यशाला में विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सयुंक्त संचालक एच. आर. लारिया, सलील गर्ग कार्यपालन यंत्री एवं अन्य विभागीय अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
भारत सरकार की योजना AIF की प्रशंसा करते हुए इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाने हेतु नगर निगम आयुक्त महोदया द्वारा मार्गदर्शन दिया गया। देश में कृषि अधोसंरचना सुधार के क्रम में वित्तीय सहायता देने के उद्देश्य से कृषि अवसंरचना निधि (AIF) योजना का संचालन किया जा रहा है। जिसमें एक लाख करोड़ रूपये का भारत सरकार द्वारा कोष सृजित किया गया है। योजना में बैंकों से ऋण लेने पर राशि रूपये दो करोड़ तक‚ योजना स्वीकृत होने पर तीन प्रतिशत प्रति वर्ष की ब्याज की छूट हितग्राही को उपलब्ध कराई जा रही है। रीवा नगर निगम आयुक्त सुश्री संस्कृति जैन द्वारा अपने उद्बोधन में समस्त कृषक बंधुओं तथा व्यापारी भाइयों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए गए। AIF योजना का प्रस्तुतीकरण पूजा सिंह, उप संचालक AIF के द्वारा किया गया।
कार्यशाला के द्वितीय चरण में अपने घर खलियान से अपनी कृषि उपज अपने दाम पर विक्रय करने की सुविधा, कृषि विक्रय में होने वाले खर्चों में कटौती, मंडी में होने वाली भीड़ से बचत आदि सुविधाओं के संबंध में एमपी फार्म गेट ऐप से संबंधित उपयोगिता किस तरह से उक्त ऐप को एंड्राइड मोबाइल पर गूगल प्ले स्टोर पर जाकर डाउनलोड किया जा सकता है तथा उक्त ऐप को किस तरह से इस्तेमाल किया जा सकता है‚ विषय पर विस्तार से प्रस्तुतीकरण सहायक संचालक योगेश नागले‚ मंडी बोर्ड भोपाल तथा संदीप चौबे‚ चीफ प्रोग्रामर मंडी बोर्ड भोपाल द्वारा किया गया। कार्यशाला में बड़े स्तर पर रीवा, सतना, सीधी, सिंगरोली मंडी से आए हुए व्यापारियों तथा कृषकों द्वारा अपनी जिज्ञासा अनुरूप प्रश्न पूछे गए जिसका समाधानकारक उत्तर उपस्थित विशेषज्ञों द्वारा दिया गया।