आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इंदौर के गुलाब बाग कॉलोनी में रहने वाले GAIL कंपनी के एक इंजीनियर ने शिप्रा नदी में कूदकर सुसाइड करने की सूचना है। मामले में एसडीआरएफ और अन्य टीमें लापता इंजीनियर को खोजने में लगी हैं। बताया जाता है कि वह सोमवार को अपनी कार से निकले थे। कार नदी किनारे खड़ी मिली है। इस वजह से नदी में कूदकर सुसाइड करने की आशंका है। उन्होंने एक चार लाइन का सुसाइड नोट लिखा है। जिसमें उन्होंने कंपनी के अफसरों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।

लसूड़िया पुलिस के मुताबिक से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विनोद पुत्र रामप्रसाद शर्मा निवासी गुलाब बाग कॉलोनी GAIL (गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लि.) में इंजीनियर हैं। वे अपनी कार नंबर MP09WG8003 से सोमवार दो बजे घर से निकले। इसके बाद देर रात तक घर नहीं पहुंचे। उनकी कार नदी किनारे ही खड़ी हुई मिली। परिवार को शंका है कि उन्होंने पानी में कूदकर अपनी जान दे दी। शिप्रा पुलिस ने शव की तलाश शुरू की है।

नोट में लिखा जीएसएम से प्रताड़ित हूं

विनोद कुमार शर्मा GAIL कंपनी में पीथमपुर में पदस्थ हैं। उन्होंने एक सुसाइड नोट लिखा है। जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिये GAIL कंपनी पीथमपुर के डीजीएम मनीष प्रसाद को जिम्मेदार बताया है। विनोद ने आरोप लगाया कि मनीष प्रसाद ने मुझे मानसिक रूप से बहुत प्रताड़ित किया है।

महिला पुलिस अफसर के रिश्तेदार

विनोद शर्मा इंदौर में पदस्थ रही एक महिला पुलिस अफसर के रिश्तेदार हैं। उनके परिवार में एक बेटी और एक बेटा है। बेटे की मानसिक हालत ठीक नहीं। जानकारी के मुताबिक डीजीएम ने उन्हें फर्जी बिल पास करने के लिये दबाव बनाया था। इसे लेकर वह काफी तनाव में चल रहे थे।