आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणा-पत्र जारी हो गया है। 106 पेज के घोषणा पत्र में यूथ, किसान, शासकीय कर्मचारी, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण और खुशहाल परिवार को लेकर घोषणाएं की गई हैं। खासतौर पर किसानों की खेती की लागत कम करने पर फोकस है। 27% ओबीसी आरक्षण और जातीय जनगणना कराने का वादा भी इसमें है।
भोपाल में रवींद्र भवन के पुराने ऑडिटोरियम में दोपहर 12 बजे पीसीसी चीफ कमलनाथ, वचन पत्र समिति के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिंह ने वचन पत्र जारी किया।
कांग्रेस ने अपने घोषणा-पत्र में आम बिजली उपभोक्ताओं को 100 यूनिट बिजली बिल माफ और 200 यूनिट का बिल हाफ करने का वादा भी किया है।
घोषणा-पत्र में ये हो सकता है खास
किसानों के लिए
5 हॉर्स पावर पंप का बिजली बिल माफ, 10 हॉर्स पावर का आधा होगा। खाद और बीज की खरीदी पर रियायत मिलेगी, पुराने केस वापस होंगे। किसानों का दो लाख रुपए तक का कर्जमाफ किया जाएगा। 12 घंटे सिंचाई के लिए बिजली।
घर के लिए
100 यूनिट बिजली बिल माफ, 200 यूनिट का आधा होगा। 500 रुपए में गैस सिलेंडर। नारी सम्मान में 1500 रुपए।
जनप्रतिनिधित्व के लिए
जाति जनगणना कराएंगे
ओबीसी को 27% आरक्षण
कर्मचारियों के लिए
ओपीएस (पुरानी पेंशन योजना) लागू करेंगे। बैकलॉग पद भरेंगे।
स्टूडेंट़्स के लिए
89 लाख स्कूली बच्चों के लिए सबसे बड़ी स्काॅलरशिप। पढ़ो-पढ़ाओ योजना में पहली से आठवीं तक 500 रुपए, नौवीं व दसवीं को 1000 रुपए, 11वीं व 12वीं को 1500 रुपए प्रतिमाह।
महिलाओं के लिए लाया जा सकता है अलग वचन
कांग्रेस अपने चुनावी मेनिफेस्टो में महिलाओं, बेटियों के लिए कुछ बडे़ वादे कर सकती है। बेटियों की पढ़ाई से लेकर रोजगार, स्वरोजगार की स्कीम लागू करने और सरकारी नौकरियों में रिजर्वेशन का वचन दे सकती है। कांग्रेस वचन पत्र में महिलाओं के लिए शहरी बस सेवा में फ्री पास का ऐलान हो सकता है। महिलाओं और बेटियों के लिए अलग से वचन पत्र लाया जा सकता है।
सभी वर्गों के लिए होंगे प्रावधान
कांग्रेस के वचन पत्र में महिला, युवा, किसान, ओबीसी, एससी, एसटी हर वर्ग के लिए नई योजनाएं लागू करने का वादा किया जा सकता है। युवाओं के लिए रोजगार को लेकर कई योजनाएं लाई जा सकती है। पढ़े-लिखे बेरोजगारों और डिप्लोमाधारी युवाओं को मासिक भत्ता देने का ऐलान किया जा सकता है। 25 लाख तक का यूनिवर्सल बीमा, पत्रकारों के लिए पत्रकार प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने का वादा किया जा सकता है।
2018 के वचन पत्र में थे 973 बिंदु
2018 में कमलनाथ ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा था कि यह वचन पत्र पीसीसी में नहीं सड़क और खेत में बना है। कमलनाथ ने कहा कि जनता राज्य की बीजेपी सरकार से परेशान हो गई है और इस बार वह कांग्रेस को वोट करेगी। वचन पत्र में 50 विषयों पर फोकस किया गया था। कुल 973 बिंदु थे, जिनमें 75 महत्वपूर्ण बिंदु थे।
पिछले वचन पत्र की अहम बातें
एमपी में भ्रष्टाचार, माफिया राज खत्म करेंगे।
एमपी में किसानों का कर्ज माफ होगा।
पेट्रोल-डीजल सस्ता होगा।
मध्यप्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए दस हजार तक वेतन अनुदान करेंगे।
बिजली बिल आधा किया जाएगा।
बेघर लोगों को 2.50 लाख रुपए का अनुदान।
महिलाओं के लिए स्व सहायता समूह का कर्ज माफ करेंगे।
बेटियों के विवाह के लिए 51 हजार की सहायता राशि दी जाएगी।
शासकीय कर्मचारियों के लिए 2005 की वेतन व्यवस्था लागू करने में सहायता करेंगे
वकील और पत्रकारों के लिए सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।
60 वर्ष से अधिक आयु के पत्रकारों को दस हजार रुपए की सहायता देंगे।
सफाई कर्मचारियों को नियमित करेंगे। जन आयोग का गठन करेंगे।
पत्रकारों, वकीलों और वरिष्ठ लोगों को आयोग का सदस्य बनाएंगे।
किसानों के लिए बिजली का बिल आधा करेंगे।
बेघर लोगों को 450 वर्गफीट जगह देने का वचन।
सामाजिक सुरक्षा 350 से बढ़कर 1000 करेंगे।
नया सवेरा कार्यक्रम लागू करेंगे।
महिलाओं के स्व सहायता समूह को जोड़ेंगे।
मध्यप्रदेश में विधानसभा परिषद का गठन किया जाएगा।
वकीलों और पत्रकारों के लिए प्रोटेक्शन एक्ट लागू करेंगे।
बेघर लोगों को ढाई लाख रुपया अनुदान।
प्रदेश रत्न और प्रदेश भूषण पुरस्कार दिया जाएगा।
मंडी टैक्स में 1 फीसदी की कमी।
दैनिक वेतनभोगियों को नियमित किया जाएगा।
औद्योगीकरण को बढ़ावा दिया जाएगा।
महिलाओं को पुलिस बल में भागीदारी को बढ़ावा।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि तीन सौ के बजाय एक हजार।
बेटी की शादी के लिए 51000 रुपए।
दैनिक वेतन भोगी, संविदाकर्मी नियमित होंगे।