सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: रुडसेट संथान भोपाल में विगत 30 दिनों से चल रहे कम्प्यूटराइज्ड अकाउंटिंग के प्रशिक्षण का समापन हो गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुधांशु सुमन, महाप्रबंधक, केनरा बैंक, अंचल कार्यालय भोपाल उपस्थित हुये। विशेष अतिथि के रुप में श्री अरविन्द पाठक, पूर्व निदेशक आरसेटी शामिल हुये।
रुडसेट संस्थान भोपाल के निदेशक सुधीर मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत कर बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र की युवतियों के लिये पूर्णतः निःशुल्क आयोजित किया गया था जिसमें प्रशिक्षणार्थियों के ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था भी निःशुल्क थी।
प्रशिक्षण में भोपाल, रायसेन, बैतूल एवं सीहोर के कुल 26 प्रशिक्षणार्थियों ने सफलतापूर्वक भाग लिया। कम्प्यूटराइज्ड अकाउंटिंग के साथ-साथ प्रशिक्षणार्थियों को बैंकिंग, बीमा, सफल उद्यमी के गुण, समय प्रबंधन आदि के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई ताकि प्रशिक्षणार्थियों को अपना व्यवसाय करने में आसानी हो सके।
मुख्य अतिथि सुधांशु सुमन ने अपने उद्बोधन में सभी प्रशिक्षणार्थियों को आत्मनिर्भर बनने के लिये प्रेरित किया तथा सभी को प्रमाण पत्र एवं टूल किट वितरित किये। संस्थान के वरिष्ठ संकाय संदीप सोनी ने आगामी माह में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुये बताया कि संस्थान में आगामी माह में मोबाइल रिपेयर, मोटर रिवाइंडिंग एवं टू व्हीलर रिपेयर के निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, जिनके आवेदन संस्थान में स्वीकार किये जा रहे है। इस अवसर पर संस्थान के संकाय सदस्य भगवान सिंह, कु. सरिता शर्मा, इंद्रजीत सिंह एवं पंकज कुमार सहित संस्थान के सभी सदस्य उपस्थित थे।