सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने कहा है कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में है, उनके लिए यह सूचना है कि कोई भी एक ऐसा सरकारी कागज लेकर जाइए जिसमें आपका फोटो हो। मतदान केंद्रों में ऐसा इंतजाम किया गया है कि बहुत देर तक इंतजार न करना पड़े। पोलिंग सेंटर में एक्स्ट्रा स्टाफ लगाया गया है ताकि जल्द मतदान कराया जा सके।
सीईओ राजन बुधवार को सात मई को नौ लोकसभा सीट पर होने वाले मतदान के लिए चलें बूथ की ओर अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए सीहोर जिले के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि स्थानीय जनों द्वारा जितना अच्छा स्वागत सत्कार किया गया, वह उत्साह और उमंग मतदान के दिन वोट डालने के लिए भी बनी रहनी चाहिए। राजन ने कहा कि सभी ध्यान रखें कि ट्रेक्टर रैली के माध्यम से यहां आने तक जिस तरह का उत्साह और उमंग देखने को मिली वैसी ही मतदान के दिन भी रहे ताकि मतदान में जिले के अव्वल बनाए रखने में सबका सहयोग मिल सके।
विदिशा में ट्रेक्टर रैली निकाली मतदाताओं ने
सीईओ राजन ने मतदाता जागरुकता को लेकर चलें बूथ अभियान के अंतर्गत विदिशा विधानसभा के बिलकिसगंज में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए। विदिशा विधानसभा में आने वाला बिलकिसगंज सीहोर जिले में आता है। यहां सीईओ राजन ने मतदान केंद्र क्रमांक 107 के लिए ट्रेक्टर रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही विदिशा के विधानसभा क्षेत्र क्र.158 अंतर्गत ग्राम पंचायत कांकर खेड़ा में मोटर साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर’ चलें बूथ की ओर’ अभियान का शुभारंभ किया गया। सीईओ राजन के अलावा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में पदस्थ संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी स्तर के अधिकारी भी नौ लोकसभा क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर अधिकतम वोटिंग के लिए मतदाताओं को प्रोत्साहित करने पहुंचे। सात मई को मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, राजगढ़, भोपाल और बैतूल लोकसभा सीट के 20456 मतदान केंद्रों पर मतदान होना है।
सीईओ, कलेक्टर, एसपी ने दिलाई शपथ
सीहोर जिले में कार्यक्रम के दौरान मतदान केंद्र में जुटे सैकड़ों नागरिकों को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन, कलेक्टर प्रवीण सिंह अधयक, एसपी ने शपथ दिलाई कि हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिकपरम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ण, जाति, भाषा या अन्य किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मतदान करेंगे। बाद में सीईओ ने कहा कि आसपास के गांवों के लोगों के बीच भी अधिकतम वोटिंग का मैसेज पहुंचाया जाना है।