सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : CDSCO ने जारी की बड़ी चेतावनी, बगैर पर्चे की दवा से फेल हो सकती है किडनी
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने दर्द निवारक दवाओं और एंटीबायोटिक्स के मनमाने इस्तेमाल को लेकर बड़ी चेतावनी जारी की है। 22 सितंबर 2026 को जारी सर्कुलर में दवाओं के अनुचित इस्तेमाल से क्रॉनिक किडनी डिजीज और अन्य प्रतिकूल प्रभावों के जोखिम पर चिंता जताई गई है।
CDSCO ने खास तौर पर नॉन-स्टेरॉयडल एंटी-इन्फ्लेमेटरी ड्रग्स (NSAIDs) के बिना जरूरत, अधिक मात्रा या लंबे समय तक इस्तेमाल से बचने की सलाह दी है। जिन लोगों को पहले से किडनी की बीमारी है या किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित होने का जोखिम है, उन्हें ऐसी दवाएं लेने से पहले डॉक्टर को अपनी स्थिति बताने की सलाह दी गई है।
एंटीबायोटिक्स को लेकर भी लोगों को खुद से इलाज न करने की सलाह दी गई है। सामान्य वायरल संक्रमण जैसी स्थितियों में आमतौर पर एंटीबायोटिक्स की जरूरत नहीं होती। बिना जरूरत एंटीबायोटिक्स लेने से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस बढ़ सकता है, जिससे भविष्य में कुछ संक्रमणों के इलाज में दवाओं का असर कम हो सकता है।
CDSCO ने डॉक्टरों से दवाएं मरीज की उम्र, बीमारी, दूसरी चल रही दवाओं और किडनी से जुड़े जोखिमों को ध्यान में रखकर लिखने को कहा है। वहीं फार्मासिस्ट और खुदरा विक्रेताओं को प्रिस्क्रिप्शन वाली NSAIDs और एंटीबायोटिक्स की बिक्री में नियमों का पालन करने तथा खुद से दवा लेने को बढ़ावा न देने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, दर्द या बुखार बार-बार होने पर पुरानी दवा खुद से दोहराने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। खासकर किडनी रोग, पानी की कमी या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं वाले लोगों को दर्द निवारक दवाओं के इस्तेमाल में अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
Hashtags: #Health #Bhopal #Desksource #Cdsco #सकत #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #औषध