सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: भोपाल में अगले 4 दिन मौसम बदला रहेगा। शनिवार को बादल छाएंगे, जबकि 7 और 8 अप्रैल को हल्की बारिश हो सकती है। 9 अप्रैल को भी बादल छाने का अनुमान है। इसके बाद गर्मी का असर फिर बढ़ जाएगा।

बता दें कि अप्रैल महीने में भोपाल में तेज गर्मी और बारिश का ट्रेंड है। पिछले 10 साल में टेम्प्रेचर 42 से 43 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जबकि 2014 से 2023 के बीच 10 में 7 साल बारिश भी हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल में पहला वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) शनिवार से एक्टिव हो रहा है। इसका असर भोपाल में भी देखने को मिलेगा।

साल 2014 से 2023 के बीच 7 साल बारिश हुई है। साल 2016, 2017 और 2022 को बारिश नहीं हुई थी, जबकि पिछले साल 22.6 मिमी यानी, पौन इंच से अधिक पानी गिरा था।

दो बार 43 डिग्री के पार रहा टेम्प्रेचर

पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डाले तो दो बार दिन का तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच चुका है। 30 अप्रैल 2019 को 43.7 डिग्री और 30 अप्रैल 2022 को तापमान 43.3 डिग्री दर्ज किया गया था। बाकी सालों में टेम्प्रेचर 40 डिग्री से अधिक ही रहा है।

यह भी जानें…

जिस तरह ठंड दिसंबर-जनवरी और बारिश जुलाई-अगस्त में सबसे ज्यादा होती है, उसी तरह गर्मी के दो प्रमुख महीने- अप्रैल और मई है।

अप्रैल में दिन का टेम्प्रेचर बढ़ने और हवा का दबाव का कम होने लगता है।

महीने का औसत तापमान 38.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री रहता है।

कई बार दिन का तापमान 44 डिग्री के पार भी पहुंच चुका है।

हवा का रुख पश्चिमी, उत्तर-पश्चिमी रहता है। धूल भरी आंधी भी चलती है।

उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से कभी-कभी बारिश का दौर भी रहता है। आकाशीय बिजली चमकने, गरज-चमक के साथ बारिश भी हो जाती है।

भोपाल में अप्रैल में औसत बारिश 4.8 मिमी है। एक से दो दिन बारिश के रहते हैं।