आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में गला काटकर हुई युवक की हत्या के मामले में अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। उसका शव अयोध्या नगर थाने के सामने स्थित पार्क में रविवार को पड़ा मिला था। पुलिस की 5 टीम आरोपियों का सुराग ढूंढने में लगी हुई है। अब तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा चुका हैं। बावजूद इसके अब तक पुलिस खाली हाथ है।

थाना प्रभारी महेश लिल्लारे ने बताया कि फिलहाल कोई क्लू नहीं मिला है। 6 से अधिक करीबियों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा चुकी है। हत्या से पूर्व महेंद्र अहिरवार जिन रास्तों से निकला, उस रूट के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जिससे साफ हो कि पहले से कोई उसका पीछा तो नहीं कर रहा था। अब तक करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा चुके हैं। थाना साइबर क्राइम और क्राइम ब्रांच सहित 5 टीम मामले की जांच में जुटी हैं। अवैध संबंध सहित लूटपाट की नीयत से हत्या किए जाने के एंगल पर जांच की जा रही है। मृतक के ससुराल वालों से भी पूछताछ की जा रही है।

थाने पहुंचे परिजनों से पुलिस बोली- घर जाओ

दिनेश अहिरवार का कहना है कि मेरे भाई की निर्मम तरीके से हत्या की गई है। मैं जानना चाहता हूं कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अब तक क्या किया। सोमवार को मैं थाने पहुंचा था। वहां पुलिस ने कहा कि छानबीन कर रहे हैं। कुछ पता लगेगा तो बुलाएंगे, अभी घर जाओ।

पार्क में पड़ा मिला था शव

भोपाल के शारदा नगर में शिव मंदिर के पीछे रहने वाले महेंद्र अहिरवार पिता मांगीलाल अहिरवार (30) की हत्या कर दी गई। वह महेंद्र इंडस्ट्रियल एरिया में मजदूरी करता था। शनिवार की सुबह घर से काम पर जाने का बोलकर निकला था। रात 9 बजे उसे अयोध्या इलाके में ही देखा गया था। एक परिचित को उसने बताया था कि झांकी देखने के लिए घूम रहा है। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। रविवार सुबह 8 बजे थाने के सामने पार्क में उसका शव मिला। उसके गले पर चाकू से रेते जाने के निशान हैं। पीठ पर भी चाकू से वार के निशान थे।