सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड ..न्यूज़ भोपाल: नए साल के पहले दिन एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह के साथ एम्स भोपाल के संकाय सदस्यों, अधिकारियों एवं अन्य कर्मचारियों ने वर्ष भर की गई गतिविधियों की समीक्षा करते हुए वर्ष 2024 के लिए संकल्प भी लिए। इस अवसर पर एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह ने बीते वर्ष की कुछ उपलब्धियां की चर्चा करते हुए कहा कि ओपीडी में मरीजों की संख्या में 56% की बढ़ोतरी हुई है, आईपीडी में भर्ती होने वाले मरीज 32000 से बढ़कर 50000 हो गए हैं , जबकि इमरजेंसी के मामलों में 170% की बढ़ोतरी हुई है। बेड ऑक्युपेंसी 62 से बढ़कर 77% हो गई है, वहीं आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी 53% बढ़कर 13337 हो गए हैं।

इसी प्रकार शोध के क्षेत्र में भी एम्स भोपाल ने उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। इसके अतिरिक्त छात्रों के कल्याण के लिए भी कई सार्थक पहल की गई हैं। किंतु अपनी इन उपलब्धियां से हमें संतुष्ट होकर नहीं बैठना है बल्कि आने वाले कल के लिए और अधिक मेहनत और लगन के साथ काम करना है।
वर्ष 2024 के लिए अपनी परिकल्पना को प्रस्तुत करते हुए प्रोफेसर सिंह ने कहा कि इस वर्ष रिनल एंड लिवर ट्रांसप्लांट शुरू करना, ट्रांसप्लांट सेंटर की स्थापना, ट्रांसजेंडर क्लीनिक की शुरुआत, दूरदराज इलाकों मंढ दवा की डिलीवरी और रक्त नमूने एकत्र करने के लिए ड्रोन की सुविधा, नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन, अपेक्स पीडियाट्रिक सेंटर और क्रिटिकल केयर यूनिट की स्थापना आदि कुछ मुख्य लक्ष्य हैं।

उन्होंने उपस्थित लोगों का आवाहन करते हुए कहा कि आप सबके सहयोग से ये लक्ष्य अवश्य ही प्राप्त किये जा सकते हैं। इससे पूर्व रजनीश जोशी, डीन एकेडमिक्स, रेहान उल हक, डीन रिसर्च, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष एवं हाल ही में एम्स परिवार में शामिल नए संकाय सदस्यों ने भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ बेहतर शिक्षा और श्रेष्ठ शोध कार्य हेतु अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत किया ।