सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर (स्वशासी) महाविद्यालय में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं के लिए एक दिवसीय लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और उन्हें महाविद्यालय परिसर में ही सुगमता से ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराना था।
शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रतिमा यादव की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम की संयोजक शालिनी प्रधान रहीं. जिन्होंने संपूर्ण शिविर के समन्वय और व्यवस्थाओं का कुशल संचालन किया। इस अवसर पर आरटीओ विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं उनकी तकनीकी टीम विशेष रूप से उपस्थित रही।

प्राचार्य प्रतिमा यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में बालिकाओं का आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। वाहन चलाने का कौशल और वैध दस्तावेज होना न केवल सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है, बल्कि यह आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है। उन्होंने आरटीओ विभाग की इस पहल की सराहना की, जिससे छात्राओं को बिना किसी परेशानी के परिसर में ही यह सुविधा प्राप्त हुई।

शिविर के दौरान आरटीओ अधिकारियों ने छात्राओं को यातायात संकेतों, सड़क सुरक्षा नियमों, हेलमेट व सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा जिम्मेदार ड्राइविंग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही मौके पर ही छात्राओं के आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन टेस्ट एवं लर्निंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया पूरी की गई। कार्यक्रम संयोजक शालिनी प्रधान ने बताया कि शिविर को लेकर छात्राओं में भारी उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में छात्राओं ने अपना पंजीकरण कराकर लर्निंग लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी की। कार्यक्रम के अंत में संयोजक द्वारा आरटीओ अधिकारियों, उपस्थित प्राध्यापकों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #सफलत #एनएन #टवर #आईट #वहन #सफल #करन #एकदवसय