सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल में श्रद्धेय सिद्ध भाऊ के सान्निध्य में प्रथम वर्ष की छात्राओं के आशीर्वचन समारोह के अवसर पर नव निर्वाचित स्टूडेंट काउंसिल का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धेय सिद्ध भाऊ,अध्यक्ष, एसएचकेईएस, हीरो ज्ञानचंदानी, निदेशक, एसएचजीसी,प्राचार्या डॉ. डालिमा पारवानी, प्राध्यापकगण एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात नव निर्वाचित स्टूडेंट काउंसिल के सदस्यों ने शपथ ग्रहण कर अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व के आदर्शों का पालन करने का संकल्प लिया। प्राचार्या डॉ. डालिमा पारवानी ने अपने स्वागत उद्बोधन में श्रद्धेय सिद्ध भाऊ जी एवं हीरो ज्ञानचंदानी के निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग और प्रेरणादायी संबल के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने श्रद्धेय सिद्ध भाऊ द्वारा बताए गए आदर्श जीवन मूल्यों एवं उत्तम जीवनशैली के मापदंडों का उल्लेख करते हुए छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सच्चा नेतृत्व वही है, जिसमें व्यक्ति अपने आचरण और व्यवहार से दूसरों को श्रेष्ठ कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना है। श्रद्धेय सिद्ध भाऊ जी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्नातक स्तर की पढ़ाई से ही उच्च पदों और जीवन में बड़ी उपलब्धियों की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त होता है। इसके लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए ईश्वर, माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति सदैव कृतज्ञ रहने की सीख दी तथा अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।समारोह के दौरान श्रद्धेय सिद्ध भाऊ जी ने छात्राओं से आठ प्रश्नों के माध्यम से संवाद स्थापित किया और उनका परिचय प्राप्त किया। छात्राओं ने तत्परता, आत्मविश्वास एवं शालीनता के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए। इस अवसर पर कुछ छात्राओं ने भजन एवं गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भावपूर्ण और आनंदमय बना दिया। कार्यक्रम ने छात्राओं को शिक्षा के साथ संस्कार, स्वास्थ्य, कृतज्ञता, अनुशासन एवं नेतृत्व के महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया।



Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #सफलत #एनएन #टवर #आईट #रथम #वचन #अवसर #सिद्धभाऊनेछात्राओं