सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल   /  उज्जैन  : महाकाल की नगरी उज्जैन में सितंबर माह से अपने स्वयं के आकाशवाणी केंद्र के माध्यम से प्रसारण प्रारंभ होने जा रहा है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रयासों से स्थापित यह केंद्र प्रारंभिक चरणों से गुजरकर अब प्रसारण की दिशा में अपने कदम बढ़ा रहा है। विक्रम विश्वविद्यालय के सतत् शिक्षा अध्ययनशाला परिसर स्थित पत्रकारिता एवं जनसंचार अध्ययनशाला में बुधवार को आकाशवाणी के विभिन्न पदों हेतु चयन प्रक्रिया का पहला चरण आयोजित किया गया। इसमें शहर के 100 से अधिक आवेदक शामिल हुए। विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. अर्पण भारद्वाज, आकाशवाणी भोपाल के कार्यक्रम प्रमुख राजेश भट्ट और सतत् शिक्षा अध्ययनशाला के प्रभारी संचालक सुशील कुमार शर्मा ने परीक्षा का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।


आकाशवाणी उज्जैन केंद्र में उद्घोषणा, महिला कार्यक्रम, ग्रामसभा, युववाणी आदि कार्यक्रमों के लिए प्राविजनल पैनल हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए थे। करीब 130 आवेदकों में से लगभग 100 ने लिखित परीक्षा दी। राजेश भट्ट ने बताया कि यह चयन प्रक्रिया नियमित रोजगार के लिए नहीं है, बल्कि कार्यक्रम की आवश्यकता अनुसार उम्मीदवारों को प्रस्तावित किया जाएगा।
स्वर परीक्षण और व्यक्तिगत साक्षात्कार क्रमशः 22 अगस्त 2025 को आयोजित होंगे। चयनित प्रतिभाओं को उद्घोषक, ग्रामसभा कार्यक्रम, युववाणी, महिला सभा और अन्य विशेष कार्यक्रमों में कार्य करने का अवसर मिलेगा।
राजेश भट्ट ने कहा कि उज्जैन का यह आकाशवाणी केंद्र केवल प्रसारण का साधन नहीं रहेगा, बल्कि क्षेत्रीय कला, संस्कृति और लोक परंपरा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगा। मालवी संस्कृति, भजनों की परंपरा, पंडे-पुजारियों की वाणी और शिप्रा किनारे की सांस्कृतिक धरोहर को सजीव किया जाएगा। नए केंद्र से स्थानीय नागरिकों को अनेक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी, जैसे मौसम व फसल जानकारी, मंडी भाव, शैक्षणिक एवं करियर गाइडेंस, ग्रामसभा, युववाणी व महिला सभा। आपातकालीन स्थिति, बाढ़ या महामारी में भी केंद्र तत्काल विश्वसनीय सूचना का माध्यम बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को भी उज्जैन वासी सीधे सुन सकेंगे। उज्जैन में आकाशवाणी केंद्र खुलने की खबर से शहरवासियों में हर्ष की लहर है। नागरिकों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।

#उज्जैन #आकाशवाणी #संस्कृति #जनसुविधाएं #मध्यप्रदेश