सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड..न्यूज़ भोपाल: तमिलनाडु के पत्रकारो का प्रतिनिधि मंडल ने अपने तीन दिवसीय मध्य प्रदेश भ्रमण कार्यक्रम के तीसरे और अंतिम दिन रायसेन जिले के ग्राम करौदा में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का भ्रमण किया। पत्रकारों ने वहां पर प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि योजना जैसी विभिन्न प्रमुख योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत की। कार्यक्रम में भ्रमण के दौरान पत्रकारों के दल ने यह प्रत्यक्ष अनुभव किया कि कैसे प्रमुख योजनाओं के विभिन्न लाभार्थी दूसरों को आगे आने और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। पत्रकारों ने राजकीय मध्य विद्यालय के विद्यार्थियों से भी बातचीत की। इस अवसर पर पत्रकारों ने सीईओ जनपद पंचायत, सुश्री युक्ति शर्मा से भी बात की।

कार्यक्रम में विधायक सुरेंद्र पटवा भी शामिल हुए। पटवा ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से योजनाओं के बारे में गांव-गांव तक जानकारी पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। पटवा ने कहा कि जो लोग अब तक योजनाओं के लाभ से छूट गए हैं, उन तक इस यात्रा के माध्यम से योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

गौरतलब है कि विकसित भारत संकल्प यात्रा को लेकर भोपाल आए तमिलनाडु के पत्रकारो के प्रतिनिधि मंडल की यात्रा का शुक्रवार को अंतिम दिन था। प्रतिनिधिमंडल ने अपने तीन दिवसीय यात्रा के अंतर्गत पहले दिन भोपाल में विकसित भारत संकल्प यात्रा का अवलोकन किया था। दूसरे दिन प्रतिनिधिमंडल ने ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर प्लांट का भ्रमण किया और उसके बारे में जानकारी हासिल की। साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल महेश्वर का भी दौरा किया।