सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड .. न्यूज़ भोपाल: मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर एक व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए, मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति संजय तिवारी ने स्वामी विवेकानंद के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, किसी देश की प्रगति में उसके महापुरुषों का बहुत बड़ा योगदान होता है।
स्वामी विवेकानंद हमारे युवाओं के लिए हमेशा रोल मॉडल रहेंगे। उन्होंने कहा कि, भारत की आजादी के समय जितने भी क्रांतिकारी थे, लगभग सभी ने स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा ली। भगत सिंह भी स्वामी विवेकानंद को अपना प्रेरणा पुरुष मानते थे। तिवारी ने बताया कि, अमेरिका में हुए विश्व धर्म संसद में स्वामी विवेकानंद ने वास्तव में भारत की संस्कृति का प्रतिनिधित्व किया था। संजय तिवारी ने आवाहन किया कि हमें स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का पालन करना चाहिए। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि, भारत को आगे बढ़ाने के लिए भारत को एक वैज्ञानिक राष्ट्र बनाना होगा। हमें अपने लक्ष्य पर केंद्रित होना चाहिए। युवा वह है जो, दुर्गुणों से दूर हैं, और उनमें देश को आगे बढ़ने का माद्दा हो। तिवारी ने उपस्थित श्रोताओं से आवाहन किया कि, हमारे युवाओं को स्वामी विवेकानंद को अवश्य पढ़ाना चाहिए। भारत को आज पुनः एक स्वामी विवेकानंद की आवश्यकता है। जो भारत का मार्गदर्शन कर सकें।
कार्यक्रम के मध्य में इस अवसर पर उपस्थित पूर्व छात्र- छात्राओं को उनके विचार साझा करने का भी अवसर प्रदान किया गया। बी.ए. संकाय के पूर्व छात्र कपिल वर्मा ने अपने उद्बोधन में बताया है कि, स्वामी विवेकानंद वेदांत योग और गीता पर विशेष बल देते थे। उन्होंने उनके शिकागो सम्मेलन की भी चर्चा की। कार्यक्रम में विषय प्रवर्तन करते हुए, मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय के निर्देशक रतन सूर्यवंशी ने कहा कि, भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हमें व्यक्तित्व विकास पर जोर देना होगा। विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हमें आज ही संकल्प लेने होंगे और उन पर फोकस होकर कार्य करना होगा। इंडियन काउंसिल फॉर सोशल साइंस रिसर्च नई दिल्ली के देवाशीष देवनाथ ने इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद के जीवन की घटनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, भारत में अनुशासन की कमी है, हमें खुद से पहले दूसरों के बारे में सोचना चाहिए। व्याख्यान कार्यक्रम के अंतिम चरण में कार्यक्रम के संयोजक सुशील मंडेरिया ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि, भारत में युवाओं की संख्या सबसे ज्यादा है। यह युवा शक्ति ही भारत को विकास के पद पर अग्रसर करेगी।
मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय आयोजित कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय की वरिष्ठ सलाहकार, साधना सिंह बिसेन के द्वारा किया गया। कार्यक्रम की समाप्ति में विश्वविद्यालय में स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के श्री मिलिंद राव ने प्रथम स्थान, किशोर जॉन ने द्वितीय स्थान तथा अजंता रवि कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम का समापन अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा वृक्षारोपण करके किया गया।