सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड .. न्यूज़ भोपाल: प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने सभा को संबोधित भी किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश के देवास की रूबीना खान से भी बातचीत की। प्रधानमंत्री ने उन्हें बताया कि वह स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं में से लगभग 2 करोड़ दीदियों को ‘लखपति’ बनाना चाहते हैं। रूबीना खान ने प्रधानमंत्री को उनके इस सपने में भागीदार बनने का आश्वासन दिया और कहा कि ‘मैं चाहती हूं कि हर दीदी लखपति बने।’ वहां उपस्थित सभी महिलाओं ने हाथ उठाकर प्रत्येक दीदी को लखपति बनाने में भागीदार बनने का संकल्प लिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने रूबीना खान के आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने कहा, “हमारी माताओं-बहनों का आत्मविश्वास ही हमारे देश को आत्मनिर्भर बनाएगा।” सुश्री खान की यात्रा की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एसएचजी महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास का माध्यम साबित हो रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह मुझे कम से कम 2 करोड़ दीदियों को लखपति बनाने के लिए कड़ी मेहनत करने को प्रेरित करता है।

प्रधानमंत्री ने उनसे अपने बच्चों को शिक्षित बनाने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि उनका पूरा गांव खुशहाल हो चुका है।सिवनी जिले के लखनादौन ब्लॉक के ग्राम मोहगांव में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते शामिल हुए। उन्होंने कहा कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का आयोजन पूरे देश में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य उन लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है जो लोग अभी तक योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी वाली यह गाड़ी जहां-जहां पहुंच रही है, वहां पर इसका शानदार तरीक से स्वागत करें और केंद्र सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं।

विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के तहत पूरे प्रदेश में भी कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। भोपाल में हनुमान नगर क्षेत्र बरखेड़ा और वॉर्ड 31 सेकंड स्टॉप तुलसी नगर में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना, पीएम स्वरोजगार योजना समेत केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।