सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड .. न्यूज़ भोपाल: विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत भी पूरे मध्य प्रदेश में कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा में लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। पूरे प्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा को लेकर आमजन में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
सीहोर जिले में प्रातः स्थानीय बाल विहार मैदान पर विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन हुआ जहां स्थानीय विधायक सुदेश राय ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर स्कूली छात्राओं ने मनोहारी कार्यक्रम प्रस्तुत किए। यहां पर केंद्र सरकार की योजनाओं के स्टॉल लगाए गए, जहां से हितग्राहियों को चिन्हित कर मौके पर योजनाओं का लाभ दिया गया। दोपहर में आयोजन स्थानीय ओल्ड जेल परिसर में किया गया जहां केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विधायक सुदेश राय और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
इसी तरह पांढुर्ना, अलीराजपुर, छिंदवाड़ा, सतना, दमोह, सागर, विदिशा, मंडला, हरदा समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में भिन्न-भिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जहां पर लोगों ने केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही इन कार्यक्रमों में शिविर लगाकर हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान भी किया गया। हितग्राहियों को सर्टिफिकेट भी प्रदान किए गए। कुछ स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ। कार्यक्रमों में नववर्ष 2024 के कैलेंडर का वितरण भी किया गया।