सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा 3 से 9 नवम्बर 2025 तक प्रेरणा किरण पब्लिक स्कूल में सात दिवसीय विशेष शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ कॉलेज की प्राचार्य डॉ. डालिमा पारवानी के प्रेरणादायक उद्बोधन के साथ हुआ।
शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने योग, एरोबिक्स, रनिंग ड्रिल्स, परेड गठन जैसी शारीरिक गतिविधियों में हिस्सा लिया। साथ ही उन्होंने समाजसेवा की भावना के तहत नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता अभियान, जन-जागरूकता रैलियाँ, वॉल पेंटिंग, नारा लेखन, साक्षरता और मनोरंजक कार्यक्रमों का संचालन किया।
शिविर में प्रत्येक संध्या भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, खेलकूद एवं सामूहिक भोज का आयोजन किया गया जिससे स्वयंसेवकों में उत्साह और टीम भावना विकसित हुई।
बौद्धिक सत्रों की श्रृंखला में विभिन्न वक्ताओं ने विद्यार्थियों से संवाद किया, जिनमें सुश्री बबीता गोस्वामी, डॉ. रंजीत नारंग, अधिवक्ता अवीना मिश्रा, सुश्री ऋचा त्रिवेदी और डॉ. सुनीता शामिल रहीं। सभी ने समाजसेवा, स्वास्थ्य और नेतृत्व पर अपने विचार साझा किए।
शिविर का समापन वैलेडिक्टरी समारोह, कैम्प फायर और प्रमाण-पत्र वितरण के साथ हुआ। समापन सत्र में प्राचार्य डॉ. डालिमा पारवानी ने स्वयंसेवकों के अनुशासन, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना की सराहना की। कॉलेज प्रबंधन और संचालक हीरो भाउजी ने एनएसएस इकाई की टीम को शिविर के उत्कृष्ट आयोजन के लिए बधाई दी और स्वयंसेवकों को समाजसेवा के कार्यों में निरंतर योगदान देने के लिए प्रेरित किया।