ITDC India e-Press / Agencies

बिहार के आदर्श से AI इनोवेटर्स तक, 49 भारतीयों को डायना अवॉर्ड

सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियां, भोपाल: दुनियाभर में सामाजिक बदलाव और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को सम्मानित करने वाले प्रतिष्ठित डायना अवॉर्ड 2026 की सूची जारी हो गई है। इस साल 44 देशों के 198 युवा बदलावकर्ताओं को यह सम्मान मिला है, जिनमें भारत के 49 युवा शामिल हैं। भारत इस सूची में सबसे अधिक पुरस्कार पाने वाला देश बनकर उभरा है। इन युवाओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समानता जैसे क्षेत्रों में अपने काम से पहचान बनाई है।

बिहार के आदर्श कुमार ने बढ़ाया मान इस सूची में बिहार के आदर्श कुमार का नाम खास है। गरीबी में बचपन बिताने वाले आदर्श ने Skillzo नामक सामाजिक उद्यम की स्थापना की। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को मेंटरशिप, कौशल विकास और शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। उनकी पहल से देशभर में 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभ पहुंचने का दावा है। आदर्श भारत के पहले ग्लोबल स्टूडेंट प्राइज विजेता भी हैं।

AI और तकनीक से बदलाव की पहल आदित्य यादव ने EcoForce के माध्यम से AI आधारित तकनीक विकसित की, जो पानी में आर्सेनिक और नाइट्रेट जैसे दूषित तत्वों की पहचान करने में मदद करती है। वहीं, मोइद्दुद्दीन अहमद ने जिम्मेदार AI, डिजिटल साक्षरता और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में काम किया है। उनकी पहल से 50 हजार से अधिक युवाओं तक तकनीकी शिक्षा और मार्गदर्शन पहुंचा है।

अन्य युवाओं ने भी बनाई पहचान कृष अग्रवाल ने Project Vayu के जरिए सामान्य पंखों को एयर प्यूरीफायर में बदलने वाला कम लागत का फिल्टर विकसित किया, जिससे 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिला। प्रेर्णा सिंघल ने AI आधारित बुजुर्ग देखभाल प्लेटफॉर्म तैयार किया, जबकि शिव मांडलिक ने निर्माण श्रमिकों की सुरक्षा के लिए तकनीकी समाधान विकसित किए।

डायना अवॉर्ड की स्थापना राजकुमारी डायना की स्मृति में की गई थी। यह सम्मान 16 से 25 वर्ष की आयु के उन युवाओं को दिया जाता है, जिन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किया हो।


Hashtags: #Education #Bhopal #बिहार #आदर्श #इनोवेटर्स #भारतीयों #डायना #अवॉर्ड #सीएनएन #बिहारकेआदर्शसे