ITDC India e-Press / Agencies

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत शीतकालीन क्षेत्रों के स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाओं, प्रोजेक्ट मूल्यांकन और आंतरिक मूल्यांकन का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इन परीक्षाओं का आयोजन 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा।

यह कार्यक्रम केवल उन स्कूलों पर लागू होगा, जो शीतकालीन क्षेत्रों में स्थित हैं और जहां अत्यधिक ठंड के कारण जनवरी में स्कूल बंद रहते हैं। अन्य सीबीएसई संबद्ध स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं और आंतरिक मूल्यांकन 1 जनवरी 2027 से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगे। इनके लिए बोर्ड अलग से दिशा-निर्देश जारी करेगा।

विद्यार्थियों के लिए जरूरी नियम सीबीएसई ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि परीक्षा से पहले पात्र विद्यार्थियों की अंतिम सूची तैयार की जाए। केवल उन्हीं विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल और आंतरिक मूल्यांकन में शामिल होने की अनुमति होगी, जिनके नाम बोर्ड को ऑनलाइन जमा की गई लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स (LOC) में दर्ज हैं।

कक्षा 10वीं का आंतरिक मूल्यांकन केवल एक बार आयोजित किया जाएगा। स्कूलों को निर्धारित समय-सीमा में सभी विद्यार्थियों के अंक अपलोड करने होंगे। प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए जहां आवश्यक हो, स्कूलों को क्षेत्रीय कार्यालय से बाहरी परीक्षकों और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के संबंध में संपर्क करना होगा।

30 से अधिक विद्यार्थियों पर अलग-अलग सत्र बोर्ड के निर्देशों के मुताबिक, किसी स्कूल में प्रैक्टिकल परीक्षा या प्रोजेक्ट मूल्यांकन के लिए विद्यार्थियों की संख्या 30 से अधिक होने पर उपलब्ध प्रयोगशाला सुविधाओं के अनुसार दो या तीन सत्रों में परीक्षा आयोजित की जा सकती है। कक्षा 12वीं की प्रैक्टिकल उत्तर पुस्तिकाएं भी संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में भेजनी होंगी।

विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने स्कूल से विषयवार परीक्षा की तारीख और समय की जानकारी प्राप्त करें।


Hashtags: #Education #Bhopal #Cbse #जारी #10वीं #12वीं #प्रैक्टिकल #परीक्षा #डेटशीट #CBSEनेजारीकी