ITDC India e-Press / Agencies

प्रैक्टिकल परीक्षा का शेड्यूल जारी, बोर्ड एग्जाम जल्द शुरू होने के संकेत

सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियां, भोपाल: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं से पहले प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और आंतरिक मूल्यांकन का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड के इस फैसले के बाद विद्यार्थियों के बीच लिखित परीक्षाओं की तारीखों को लेकर भी उत्सुकता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि इस बार बोर्ड परीक्षाएं फरवरी 2027 में शुरू हो सकती हैं। हालांकि, लिखित परीक्षाओं की आधिकारिक तारीखों की घोषणा अभी नहीं हुई है।

सीबीएसई के 5 नवंबर को जारी परिपत्र के अनुसार, शीतकालीन क्षेत्रों के स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इन क्षेत्रों में जनवरी के दौरान कड़ाके की ठंड के कारण स्कूल बंद रहते हैं, इसलिए परीक्षाएं पहले कराई जा रही हैं।

वहीं, देश और विदेश के सामान्य शैक्षणिक सत्र वाले सीबीएसई स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं, प्रोजेक्ट मूल्यांकन और आंतरिक मूल्यांकन 1 जनवरी 2027 से शुरू होंगे। इन स्कूलों के लिए बोर्ड अलग से दिशा-निर्देश जारी करेगा।

लिखित परीक्षाओं की डेटशीट का इंतजार कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य लिखित परीक्षाओं की विषयवार डेटशीट अभी जारी नहीं हुई है। परीक्षाएं फरवरी 2027 में शुरू होने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन अंतिम कार्यक्रम सीबीएसई की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

स्कूलों को दिए गए जरूरी निर्देश बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि प्रैक्टिकल परीक्षा में केवल LOC में दर्ज विद्यार्थियों को शामिल किया जाए। कक्षा 10वीं का आंतरिक मूल्यांकन एक बार होगा। 30 से अधिक विद्यार्थियों वाले स्कूलों में जरूरत के अनुसार प्रैक्टिकल परीक्षा दो या तीन सत्रों में कराई जा सकेगी। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने स्कूल से विषयवार कार्यक्रम की जानकारी लेते रहें।


Hashtags: #Education #Bhopal #प्रैक्टिकल #परीक्षा #शेड्यूल #जारी #बोर्ड #एग्जाम #जल्द #प्रैक्टिकलपरीक्षाकाशेड्यूल