ITDC India e-Press / Agencies

भारतीय मूल की पिया डंडिया ने अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार पिया ने रिपब्लिकन प्रत्याशी केसी असकर को हराकर अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में जगह बनाई। इस जीत के साथ वह फ्लोरिडा से अमेरिकी कांग्रेस पहुंचने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी और देश की दूसरी भारतीय-अमेरिकी महिला बन गई हैं। उनसे पहले प्रमिला जयपाल यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं।

39 वर्षीय पिया का राजस्थान के जयपुर से पारिवारिक संबंध है। उनके माता-पिता 1980 के दशक में जयपुर से अमेरिका जाकर बस गए थे। पिया का जन्म और पालन-पोषण फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में हुआ। उनके पिता डॉ. रोहित डंडिया चिकित्सक हैं, जबकि उनकी मां भारती ने अमेरिका में एक मॉन्टेसरी स्कूल की स्थापना की।

पिया ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से गवर्नमेंट विषय में स्नातक की पढ़ाई की और बोस्टन यूनिवर्सिटी से शिक्षा में मास्टर डिग्री हासिल की। हार्वर्ड में पढ़ाई के दौरान उन्होंने दिल्ली की झुग्गी बस्तियों में बच्चों को अंग्रेजी पढ़ाई। इसके बाद उन्होंने टीच फॉर अमेरिका कार्यक्रम के तहत जरूरतमंद समुदायों के स्कूलों में शिक्षक के रूप में काम किया।

महज 28 वर्ष की उम्र में वह न्यूयॉर्क के हार्लेम में डेमोक्रेसी प्रेप एंड्योरेंस हाई स्कूल की संस्थापक प्रिंसिपल बनीं। बाद में उन्हें व्हाइट हाउस फेलोशिप मिली, जिसके तहत उन्होंने घरेलू नीति परिषद और अमेरिकी शिक्षा विभाग के साथ काम किया। इसके बाद वह एप्पल से जुड़ीं और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सरकारी सेवाओं में तकनीक के इस्तेमाल से संबंधित परियोजनाओं पर काम किया।

चुनाव प्रचार के दौरान पिया ने शिक्षा, महंगाई, स्वास्थ्य सेवाओं की लागत और आर्थिक अवसरों को प्रमुख मुद्दा बनाया। फ्लोरिडा के 22वें जिले में उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार को हराकर अमेरिकी राजनीति में भारतीय मूल की एक और नई पहचान स्थापित की है।


Hashtags: #Education #Bhopal #जयपुर #अमेरिकी #संसद #पहुंचीं #पिया #डंडिया #सीएनएन #जयपुरसेअमेरिकीसंसद