सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: अब निजी स्कूलों के शिक्षक भी करेंगे जनगणना का काम

सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियां, भोपाल: देश में जनगणना 2027 की तैयारियों के बीच केंद्र सरकार ने जनगणना कार्य में कर्मचारियों की नियुक्ति से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के साथ निजी स्कूलों और कॉलेजों के शिक्षकों को भी जनगणना ड्यूटी पर लगाया जा सकेगा। इसके लिए केंद्र ने जनगणना नियम, 1990 में संशोधन किया है। नए प्रावधान के तहत सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त निजी शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को भी एन्यूमरेटर यानी जनगणना कर्मी नियुक्त करने का अधिकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को दिया गया है।

गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, अब जनगणना कार्य के लिए सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थानों, स्थानीय निकायों, सोसाइटी और ट्रस्ट से जुड़े शिक्षकों की सेवाएं ली जा सकेंगी। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकारों के विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, बैंकों, वैधानिक संस्थाओं और कंपनियों के लिपिकों तथा अन्य अधिकारियों को भी इस काम में लगाया जा सकता है। राज्य सरकारें और केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन अपनी जरूरत के अनुसार अन्य उपयुक्त व्यक्तियों की नियुक्ति भी कर सकेंगे।

सरकारी शिक्षकों पर निर्भरता होगी कम अब तक जनगणना जैसे बड़े राष्ट्रीय अभियानों में मुख्य रूप से सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की सेवाएं ली जाती रही हैं। चुनावी ड्यूटी और अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ जनगणना कार्य मिलने से उनकी नियमित शिक्षण गतिविधियां प्रभावित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। निजी शिक्षकों को भी इस प्रक्रिया में शामिल करने से उपलब्ध कर्मचारियों का दायरा बढ़ेगा और जिम्मेदारी अधिक लोगों के बीच बांटी जा सकेगी।

प्रशिक्षण और मानदेय भी मिलेगा जनगणना कार्य के लिए नियुक्त निजी शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें निर्धारित मानदेय भी प्रदान किया जाएगा। जनगणना 2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें मोबाइल एप के माध्यम से आंकड़े जुटाए जाएंगे। इस व्यापक अभियान में लगभग 30 लाख फील्ड कर्मचारियों की तैनाती की योजना है। सरकार का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को व्यवस्थित, तेज और अधिक प्रभावी बनाना है।


Hashtags: #Education #Bhopal #सरकारी #साथ #प्राइवेट #स्कूलों #टीचर #करेंगे #जनगणना #अबसरकारीकेसाथ