सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: CBSE का नया सर्कुलर जारी, 10वीं के छात्रों को नहीं पढ़ना होगा पर्यावरण शिक्षा विषय

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 9वीं और 10वीं के पाठ्यक्रम को लेकर महत्वपूर्ण बदलाव किया है। बोर्ड के नए सर्कुलर के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं में पढ़ रहे विद्यार्थियों को कक्षा 10वीं में पहुंचने पर पर्यावरण शिक्षा (Environmental Education) विषय नहीं पढ़ना होगा। इसके साथ ही कम्प्यूटेशनल थिंकिंग (CT) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के मॉड्यूल तथा ‘इंडिविजुअल्स इन सोसाइटी’ विषय को भी संबंधित विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम से बाहर रखा गया है।

किन विद्यार्थियों पर लागू होगा नया नियम? सीबीएसई का यह बदलाव उन विद्यार्थियों पर लागू होगा, जो वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं में पढ़ रहे हैं और 2027-28 में कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा देंगे। वर्तमान में कक्षा 10वीं में पढ़ रहे विद्यार्थियों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उनके लिए पहले से निर्धारित पाठ्यक्रम और परीक्षा व्यवस्था ही लागू रहेगी।

नौ विषय पढ़ेंगे विद्यार्थी नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को कुल नौ अनिवार्य पाठ्यचर्या क्षेत्रों का अध्ययन करना होगा। इनमें दो भाषाएं, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, तीसरी भाषा, कला शिक्षा, शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य तथा व्यावसायिक शिक्षा शामिल हैं। हालांकि, बोर्ड परीक्षा मुख्य रूप से पांच विषयों में होगी। इनमें दो भाषाएं, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान शामिल हैं।

व्यावसायिक शिक्षा रहेगी अनिवार्य बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि व्यावसायिक शिक्षा को अनिवार्य पाठ्यचर्या क्षेत्र के रूप में जारी रखा जाएगा। विद्यार्थी इसके लिए ‘कौशल विकास’ या बोर्ड की ओर से अधिसूचित 22 कौशल विषयों में से किसी एक का विकल्प चुन सकते हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक और रोजगारपरक कौशल से जोड़ना है।

पाठ्यक्रम में बदलाव का उद्देश्य सीबीएसई के इस फैसले का उद्देश्य विद्यार्थियों पर अतिरिक्त विषयों का बोझ कम करना और पाठ्यक्रम को निर्धारित समय-सारणी के अनुरूप बनाना है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इन बदलावों से विद्यार्थियों को पांच मुख्य बोर्ड परीक्षा विषयों पर बेहतर तरीके से ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिलेगा।


Hashtags: #Education #Bhopal #Cbse #नया #सर्कुलर #जारी #10वीं #छात्रों #नहीं #CBSEकानयासर्कुलर