सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: जामिया मिल्लिया इस्लामिया में 24 नवंबर तक ऑनलाइन कक्षाएं, दिसंबर में होंगी ऑनलाइन परीक्षाएं

दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन पढ़ाई की अवधि 24 नवंबर 2026 तक बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सेमेस्टर की परीक्षाएं भी ऑनलाइन माध्यम से कराने का निर्णय लिया है। यह फैसला परिसर में जारी विरोध-प्रदर्शन और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। जामिया मिल्लिया इस्लामिया प्रशासन ने 28 अक्टूबर को जारी कार्यालय आदेश में नई व्यवस्था की जानकारी दी।

24 नवंबर तक ऑनलाइन पढ़ाई: विश्वविद्यालय के विषम सेमेस्टर की कक्षाएं 24 नवंबर तक ऑनलाइन चलेंगी। इससे पहले ऑनलाइन कक्षाओं की व्यवस्था 8 नवंबर तक निर्धारित की गई थी। नए आदेश के तहत शिक्षकों की ड्यूटी भी इस अवधि में ऑनलाइन रहेगी।

परीक्षाओं का पूरा शेड्यूल: विश्वविद्यालय के अनुसार, प्रैक्टिकल, फील्ड वर्क, प्रोजेक्ट वाइवा और माइनर प्रोजेक्ट वाइवा की परीक्षाएं 25 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी। वहीं, सेमेस्टर की थ्योरी परीक्षाएं 1 दिसंबर से 24 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से होंगी। इसके बाद 25 दिसंबर से 12 जनवरी 2027 तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। सम-विषम सेमेस्टर के बाद सम सेमेस्टर की कक्षाएं 13 जनवरी 2027 से शुरू होने का कार्यक्रम है।

छात्र संघ चुनाव की मांग के बीच फैसला: विश्वविद्यालय में छात्र संघ बहाल करने और चुनाव की तारीख घोषित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है। प्रशासन ने परिसर की मौजूदा स्थिति को शैक्षणिक गतिविधियों के अनुकूल नहीं बताते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए ऑनलाइन पढ़ाई और परीक्षाओं का निर्णय लिया है।


Hashtags: #Education #Delhi #जामिया #मिल्लिया #इस्लामिया #नवंबर #ऑनलाइन #कक्षाएं #दिसंबर #जामियामिल्लियाइस्लामियामें