सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : असम में राहुल गांधी की न्याय यात्रा को रोकने का विरोध कांग्रेस देशभर में कर रही है। भोपाल में रोशनपुरा चौराहे पर कांग्रेसी मौन धरना दे रहे हैं। दिग्विजय सिंह और पीसीसी ​​​​​​चीफ जीतू पटवारी भी धरने पर बैठे हैं।

दरअसल, राहुल गांधी की न्याय यात्रा मंगलवार को गुवाहाटी पहुंची थी, जहां असम पुलिस ने उन्हें रोक दिया। राहुल अपने काफिले के साथ गुवाहाटी शहर में जाना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने इसकी इजाजत नहीं दी।

असम सरकार ने राहुल को मंदिर जाने से रोका

सोमवार को राहुल गांधी असम के नगांव पहुंचे। वे यहां बोर्दोवा थान में संत श्री शंकरदेव की जन्मस्थली पर दर्शन करने गए, लेकिन उन्हें एंट्री नहीं दी गई। सुरक्षाबलों ने राहुल और अन्य कांग्रेस नेताओं को रास्ते में हैबरगांव में रोक दिया। यहां सुरक्षाबलों से बहस के बाद राहुल और अन्य कांग्रेसी नेता धरने पर बैठ गए। सभी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद 3 बजे मंदिर आने के लिए कहा गया था।

राहुल बोले- क्या पीएम तय करेंगे कि मंदिर कौन जाएगा

धरने के दौरान राहुल ने कहा, मैंने कौन-सा अपराध किया है कि मैं मंदिर नहीं जा सकता? क्या पीएम मोदी तय करेंगे कि मंदिर कौन जाएगा। आज क्या सिर्फ एक ही व्यक्ति मंदिर जा सकता है। मैं शंकरदेव की विचारधारा में विश्वास रखता हूं। वे हमारे गुरु की तरह हैं, इसलिए मैंने सोचा था कि जब भी असम आऊंगा, उनका आशीर्वाद जरूर लूंगा।

राहुल ने कहा, मुझे 11 जनवरी को न्योता मिला था, लेकिन कल (रविवार को) मुझे बताया गया कि यहां कानून व्यवस्था के बिगड़ने का खतरा है। यह संदेह पैदा करता है, क्योंकि गौरव गोगई और अन्य नेताओं को तो नहीं रोका गया, सिर्फ मुझे रोका गया।

दिग्गी का ट्वीट- राहुल V/s हिमंता नहीं, यह न्याय V/s अन्याय

दिग्विजय सिंह ने राहुल को मंदिर में प्रवेश करने से रोकने पर ट्वीट कर लिखा- यह राहुल V/s हिमंता नहीं है, यह न्याय V/s अन्याय है। इसीलिए तो भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली जा रही है। अब आप सोचिए असम के सबसे सम्मानित संत शंकर देव जी के मंदिर जाने से राहुल गांधी को रोकने का असम सीएम को क्या अधिकार था? क्या यह अन्याय नहीं है? राहुल V/s हिमंता रोज बवाल का नया अध्याय।

असम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

राहुल गांधी की न्याय यात्रा मंगलवार को गुवाहाटी पहुंची, जिसे असम पुलिस ने रोक दिया। राहुल अपने काफिले के साथ गुवाहाटी शहर के बीच से गुजरना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने इसकी इजाजत नहीं दी। पुलिस ने गुवाहाटी सिटी जाने वाली सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी। इसके बाद कांग्रेस समर्थक पुलिस से भिड़ गए। उन्होंने बैरिकेडिंग तोड़ दी।