सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड .. न्यूज़ भोपाल: मध्य प्रदेश के दौर पर आए मणिपुर के पत्रकारों के प्रतिनिधि मंडल ने अपनी यात्रा के दूसरे दिन मंगलवार को इंदौर के सांसद शंकर लालवानी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान लालवानी ने स्वच्छता के मामले में इंदौर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और टॉप पोजिशन बरकरार रखने के पीछे की कहानी बताई। उन्होंने कहा कि इंदौर अगर स्वच्छता में नंबर वन है तो इसका बहुत सारा श्रेय जनप्रतिनिधियों, शासन प्रशासन की मेहनत और जन भागीदारी को जाता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता इंदौर के लोगों के आचार व्यवहार में है। लालवानी ने कहा कि पूरी उम्मीद है कि इस बार भी स्वच्छता पुरुस्कार में इंदौर एक नई इबारत लिखेगा।
लालवानी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के बारे में प्रकाश डालते हुए कहा कि इस यात्रा को आम जन का जोरदार समर्थन मिल रहा है। लोग बढ़ चढ़ कर इसमें भागीदारी कर रहे है। यात्रा के माध्यम से लोग पीएम स्वनिधि, पीएम आवास योजना, आयुष्मान कार्ड योजना समेत केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ ले रहे हैं।
इसके पहले मणिपुर से आए पत्रकार दल ने इंदौर के बायो सीएनजी प्लांट का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान टीम ने कचरे से बायो सीएनजी बनाने की पूरी प्रक्रिया को समझा। साथ ही पत्रकार दल कचरे से जैविक खाद बनाने की विधि से भी रूबरू भी हुए। पत्रकार दल इससे पहले इंदौर नगर निगम के अपर आयुक्त सिद्धार्थ जैन से भी की। मुलाकात के दौरान श्री जैन ने स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर शहर की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
इसके बाद पत्रकार दल ने इंदौर के प्रसिद्ध राजवाड़ा पैलेस का भ्रमण किया। पत्रकारों ने इंदौर की मशहूर छप्पन दुकान का भी दौरा किया।
गौरतलब है कि विकसित भारत संकल्प यात्रा को लेकर मणिपुर के पत्रकारो का प्रतिनिधि मंडल भोपाल पहुंचा और रात्रि में विश्राम किया।