सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: दिल्ली में 40 एंटी स्मॉग गन ही तैयार, मंत्री ने दी चेतावनी
नई दिल्ली: दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच सड़कों से धूल हटाने और उसे नियंत्रित करने की तैयारियों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से इस्तेमाल की जाने वाली 200 पुरानी ट्रक-माउंटेड एंटी स्मॉग गनों में से अब तक केवल करीब 40 ही जांच के बाद संचालन के लिए तैयार हो पाई हैं। ऐसे में राजधानी की 1,400 किलोमीटर लंबी सड़क नेटवर्क पर धूल नियंत्रण अभियान को गति देने की योजना प्रभावित हो रही है।
दरअसल, नई एंटी स्मॉग गनों की व्यवस्था में देरी के कारण विभाग ने दो महीने तक पुरानी मशीनों को इस्तेमाल करने का निर्णय लिया था। नई मशीनों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन उन्हें नए ट्रक चेसिस पर लगाने का काम अभी जारी है। इस वजह से फिलहाल पुरानी मशीनों पर निर्भरता बनी हुई है।
PWD ने सभी 200 पुरानी मशीनों और उन्हें ले जाने वाले वाहनों की जांच के लिए दो समितियां गठित की हैं। इनमें विभाग के आठ अधिकारी शामिल हैं। निर्देश दिया गया है कि फिटनेस प्रमाणपत्र और तकनीकी जांच के बिना किसी भी वाहन या एंटी स्मॉग गन को सड़क पर तैनात नहीं किया जाएगा।
PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने अधिकारियों को जल्द जांच पूरी कर मशीनों को तैनात करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि निरीक्षण और तैनाती में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गड़बड़ी मिलने पर संबंधित इंजीनियर को तत्काल निलंबित किया जा सकता है।
योजना के तहत प्रत्येक मशीन से प्रतिदिन कम से कम 200 मीटर सड़क की सफाई और धूल नियंत्रण का लक्ष्य रखा गया है। इसमें सड़क किनारे जमी धूल हटाने, नालियों और किनारों की सफाई तथा मलबा हटाने जैसे काम शामिल हैं। प्रदूषण बढ़ने के बीच अब विभाग के सामने पुरानी मशीनों की जांच पूरी करने और नई मशीनों को जल्द उपलब्ध कराने की चुनौती है।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #एंटी #स्मॉग #तैयार #मंत्री #दीदिल्ली #चेतावनी #दिल्लीमें40एंटी