सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: दिल्ली में आग की घटनाओं पर लगाम लगाने की तैयारी, फायर सर्विस का होगा कायाकल्प
नई दिल्ली: दिल्ली में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं और दमकल विभाग की चुनौतियों को देखते हुए सरकार ने अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत नए फायर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, दमकलकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी और आधुनिक उपकरणों की खरीद की जाएगी। इसके अलावा पुराने भवनों में भी स्प्रिंकलर सिस्टम और फायर अलार्म अनिवार्य करने के लिए नियमों की समीक्षा की जाएगी।
दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने मंगलवार को बताया कि उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की अध्यक्षता में लोक निवास में हुई समीक्षा बैठक के बाद दिल्ली फायर सर्विस के आधुनिकीकरण की योजना बनाई गई है। इसका उद्देश्य आग लगने की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों को तेज करना तथा हादसों की रोकथाम करना है।
योजना के तहत फायर सर्विस में स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ाने और स्टेशन अधिकारियों व दमकलकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया तेज करने का प्रस्ताव है। दमकलकर्मियों की नियमित शारीरिक दक्षता जांच भी कराई जाएगी। अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थों से लगने वाली आग से निपटने के लिए विशेष उपकरण खरीदे जाएंगे और आपातकालीन संचार व्यवस्था को भी आधुनिक बनाया जाएगा।
दमकल की गाड़ियों को संकरी गलियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंचाने की चुनौती से निपटने के लिए नए फायर स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण जमीन उपलब्ध कराएगा और लोक निर्माण विभाग निर्माण कार्य करेगा।
सरकार निजी क्षेत्र के योग्य विशेषज्ञों को थर्ड पार्टी फायर सेफ्टी ऑडिट के लिए शामिल करने पर भी विचार कर रही है। वहीं, मौजूदा इमारतों में स्प्रिंकलर और अलार्म लगाने के नियमों की समीक्षा होगी। बिजली के ओवरलोडिंग की समस्या दूर करने के लिए बिजली वितरण कंपनियों को नेटवर्क क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए जाएंगे।
स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और आवासीय समितियों में जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। नगर निगम, एनडीएमसी और डीडीए को भवन निर्माण नियमों में अग्नि सुरक्षा मानकों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाली इमारतों पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #घटनाओं #लगाम #लगाने #तैयारी #फायर #सर्विस #दिल्लीमेंआगकी