सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: वर्चुअल कॉकपिट में तैयार होंगे पायलट, इंडिगो ने अपनाया एयरबस का डिजिटल प्लेटफॉर्म

नई दिल्ली: विमानन क्षेत्र में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ अब पायलटों के प्रशिक्षण का तरीका भी बदल रहा है। हवा में वास्तविक विमान उड़ाने और फुल फ्लाइट सिम्युलेटर पर निर्भर रहने के साथ अब पायलट वर्चुअल कॉकपिट में भी विमान की प्रक्रियाओं का अभ्यास कर सकेंगे। देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने एयरबस की डिजिटल सेवा कंपनी स्काईवाइज के साथ मिलकर ए320 वर्चुअल प्रोसीजर ट्रेनर (VPT) को अपने प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किया है। कंपनी के अनुसार, इंडिगो दुनिया की पहली एयरलाइन है, जिसने VPT के असामान्य और आपातकालीन प्रक्रियाओं वाले पैकेज को अपनाया है।

क्या है एयरबस का डिजिटल प्लेटफॉर्म? वर्चुअल प्रोसीजर ट्रेनर एक क्लाउड आधारित डिजिटल प्रशिक्षण सॉफ्टवेयर है। इसमें पायलटों को विमान के कॉकपिट का वास्तविक जैसा त्रि-आयामी अनुभव मिलता है। वे वर्चुअल रियलिटी (VR) हेडसेट या सामान्य स्क्रीन, टैबलेट और लैपटॉप के माध्यम से कॉकपिट के स्विच, लीवर, कंट्रोल पैनल और अन्य उपकरणों को समझ सकते हैं। इसके जरिए सामान्य उड़ान प्रक्रियाओं के साथ तकनीकी खराबी और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले तरीकों का बार-बार अभ्यास किया जा सकता है।

इस तकनीक का उद्देश्य पायलटों को वास्तविक फ्लाइट सिम्युलेटर में जाने से पहले प्रक्रियाओं की अच्छी समझ देना है। इससे सिम्युलेटर में उपलब्ध प्रशिक्षण समय का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा। हालांकि, यह फुल फ्लाइट सिम्युलेटर का विकल्प नहीं, बल्कि उसके प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने वाला पूरक माध्यम है।

इंडिगो को क्यों पड़ी जरूरत? इंडिगो की योजना हर साल करीब 1,000 पायलटों को प्रशिक्षित करने की है। एयरलाइन पहले से एयरबस की मोबाइल एयरबस ट्रेनिंग एक्सपीरियंस (MATe) सुइट का इस्तेमाल कर रही है, जिससे उसके लगभग 6,300 फ्लाइट क्रू सदस्य जुड़े हैं। अब VPT के जुड़ने से पायलटों को सामान्य प्रक्रियाओं के साथ असामान्य और आपातकालीन स्थितियों का भी डिजिटल अभ्यास करने का अवसर मिलेगा।

विमानों की बढ़ती संख्या और नए उड़ान मार्गों के विस्तार के बीच प्रशिक्षित पायलटों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में डिजिटल प्रशिक्षण से समय की बचत, प्रक्रियाओं की बेहतर समझ और प्रशिक्षण क्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #वर्चुअल #कॉकपिट #तैयार #होंगे #पायलट #इंडिगो #अपनाया #वर्चुअलकॉकपिटमेंतैयार