सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: नई दिल्ली: त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए दिल्ली सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को मोरी गेट स्थित खोया मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी कर करीब 7,000 किलोग्राम अस्वच्छ और दुर्गंधयुक्त खोया जब्त कर नष्ट कराया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का निरीक्षण किया और अधिकारियों को संदिग्ध खाद्य सामग्री बाजार में पहुंचने से रोकने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान विभाग की टीम ने मंडी से 44 निगरानी नमूने एकत्र किए। खाद्य सुरक्षा विभाग की मोबाइल जांच सुविधा 'फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स' के माध्यम से मौके पर इनकी प्रारंभिक जांच की गई। इसमें 35 नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। दो अतिरिक्त नमूने विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध सामग्री में दूध पाउडर, वनस्पति और बाइंडिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले पदार्थों के संकेत मिले हैं। इनकी वास्तविक संरचना की पुष्टि प्रयोगशाला की रिपोर्ट से होगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, मोरी गेट मंडी में यह चौथा बड़ा अभियान था। इससे पहले 4 सितंबर को 2,830 किलो, 8 सितंबर को 610 किलो और 23 अक्टूबर को 520 किलो खोया नष्ट कराया गया था। ताजा कार्रवाई के बाद त्योहारों के दौरान अब तक नष्ट किए गए खोये की कुल मात्रा 10,660 किलोग्राम हो गई है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने चेतावनी दी कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रभावशाली होने के बावजूद खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसी बीच, स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राजधानी में जांच और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने खोया, पनीर, घी, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान जारी रखने की बात कही है।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #त्योहारों #पहले #दिल्ली #हजार #किलो #खराब #खोया #त्योहारोंसेपहलेदिल्ली