सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: रूसी विदेश मंत्री का फर्जी वीडियो शेयर करने पर प्रशांत भूषण के खिलाफ FIR

नई दिल्ली: रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का कथित रूप से एडिटेड वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करना वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण को भारी पड़ गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का आरोप है कि वीडियो के जरिए भारत विरोधी भ्रामक, मानहानिकारक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित की गई, जिससे अफवाह फैलने और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।

पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को साइबर पेट्रोलिंग के दौरान यह मामला सामने आया। सोशल मीडिया हैंडल @thequotesnews ने दावा किया था कि प्रशांत भूषण के एक्स अकाउंट से रूसी विदेश मंत्री का कथित डॉक्टर्ड वीडियो साझा किया गया है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और एफआईआर नंबर 263/26 दर्ज की।

विवादित वीडियो में लावरोव को कथित तौर पर यह कहते दिखाया गया था कि भारत रूस का केवल व्यापारिक साझेदार है और उसे रूस की विदेश नीति पर सलाह देने का अधिकार नहीं है। प्रशांत भूषण ने इस वीडियो को साझा करते हुए विदेश मंत्री एस. जयशंकर की रूस संबंधी कूटनीति पर टिप्पणी की थी।

हालांकि, विदेश मंत्रालय की फैक्ट चेक इकाई ने 3 नवंबर को वीडियो को फर्जी करार दिया। मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर चेतावनी जारी करते हुए कहा कि रूसी विदेश मंत्री के नाम से प्रसारित की जा रही बातें वास्तविक नहीं हैं। रूसी पक्ष ने भी वीडियो को गलत बताया है।

दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 336(4), 353(1)(c), 356 और 340(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66C के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब वीडियो के स्रोत, उसमें कथित छेड़छाड़ और सोशल मीडिया पर उसके प्रसार की जांच कर रही है।

फिलहाल यह मामला जांच के स्तर पर है। एफआईआर दर्ज होने का अर्थ आरोपों का न्यायिक रूप से सिद्ध होना नहीं है।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #रूसी #विदेश #मंत्री #फर्जी #वीडियो #शेयर #करने #रूसीविदेशमंत्रीका