सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ के नारे के साथ छात्र महारैली आयोजित की जाएगी। संगठन ने इस कार्यक्रम में देशभर से 15 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के शामिल होने का दावा किया है। रैली के माध्यम से युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे।

एबीवीपी के मुताबिक, यह आयोजन लोकतांत्रिक अधिकारों और असहमति के नाम पर कथित तौर पर हिंसा, आगजनी तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियों के विरोध में किया जा रहा है। संगठन का आरोप है कि कुछ राजनीतिक दल और समूह छात्र आंदोलनों को राजनीतिक दिशा देने तथा युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। परिषद ने कहा है कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके नाम पर हिंसा और अव्यवस्था को उचित नहीं ठहराया जा सकता।

एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री आदित्य तकियार ने कहा कि देश में सत्ता परिवर्तन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से होता है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने युवाओं के राष्ट्रवाद को जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध से जुड़ा बताया।

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष यश डबास ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर की शैक्षणिक गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंसा और अराजकता से दूर रहने की अपील की। रैली में कितने विद्यार्थी वास्तव में शामिल होंगे, यह आयोजन के बाद स्पष्ट होगा।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #विश्वविद्यालय #एबीवीपी #छात्र #महारैली #परिसर #बुधवार #दिल्लीविश्वविद्यालयमेंएबीवीपी