सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: नई दिल्ली: दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही दिल्ली-एनसीआर के बाजारों में खरीदारी का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। प्रमुख बाजारों में उमड़ रही भीड़ का असर अब सड़कों पर भी दिखाई देने लगा है। मंगलवार शाम राजधानी के कई इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई मार्गों पर गाड़ियां घंटों तक रेंगती रहीं, जिससे नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सरोजिनी नगर, साउथ एक्सटेंशन, लाजपत नगर, करोल बाग, कमला नगर, चांदनी चौक और राजौरी गार्डन जैसे प्रमुख बाजारों के आसपास यातायात का दबाव काफी बढ़ गया। कश्मीरी गेट, हौज खास और डिफेंस कॉलोनी में भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। आईटीओ, धौला कुआं और साउथ एक्सटेंशन में कारों, बसों, ऑटो और दोपहिया वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।

उत्तरी दिल्ली में कमला नगर से दिल्ली विश्वविद्यालय रेड लाइट तक जाम की स्थिति बनी रही। पीतमपुरा के कोहाट एन्क्लेव और रिंग रोड पर लाजपत नगर तथा विनोबा पुरी के आसपास भी वाहन धीमी गति से चलते रहे। गुरुग्राम से धौला कुआं आने वाले एनएच-48 पर भी भारी दबाव रहा। बारापुला कॉरिडोर और एम्स से सराय काले खां के बीच यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।

यातायात व्यवस्था पर त्योहारों की खरीदारी के साथ पीक आवर, अनधिकृत पार्किंग और वाहनों के खराब होने का भी असर पड़ा। लगातार जाम के कारण प्रदूषण नियंत्रण की कोशिशों पर भी असर पड़ने की आशंका है। बुधवार को विकास मार्ग पर प्रस्तावित पैदल मार्च के चलते दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिवाली #खरीदारी #दिल्ली #एनसीआर #भीषण #जाम #दीपावली #दिवालीकीखरीदारीसे