दिल्ली के 160 साल पुराने टाउन हॉल की छत ढही, प्रवेश द्वार क्षतिग्रस्त
नई दिल्ली: पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक स्थित करीब 160 साल पुराने ऐतिहासिक टाउन हॉल का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। तेज बारिश के बाद शनिवार रात इमारत के मुख्य प्रवेश द्वार की छत और दो भारी बीम गिर गईं। हादसे में प्रवेश पोर्च, बाहरी दीवारों और पहली मंजिल के हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि घटना रात में हुई, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। प्रवेश द्वार के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, आसपास की दीवारों में भी दरारें आ गई हैं और उनके गिरने की आशंका बनी हुई है। दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं और मलबा हटाने का काम जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रभावित हिस्से की सफाई में कई दिन लग सकते हैं।
टाउन हॉल कभी दिल्ली के नगर प्रशासन का प्रमुख केंद्र हुआ करता था। वर्ष 1863 में निर्मित इस इमारत से नगर निगम ने करीब 145 वर्षों तक अपना कामकाज संचालित किया। वर्ष 2011-12 में मुख्यालय सिविक सेंटर स्थानांतरित होने के बाद से यह ऐतिहासिक परिसर काफी हद तक खाली पड़ा है। यहां नगर निगम चुनाव में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम भी रखी जाती हैं और उनकी सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं।
यह इमारत ग्रेड-1 संरक्षित विरासत भवन है और इसके रखरखाव की जिम्मेदारी MCD के पास है। पिछले कई वर्षों में इसे होटल, संग्रहालय, पुस्तकालय और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजनाएं बनीं, लेकिन वे आगे नहीं बढ़ सकीं।
सितंबर 2026 में दिल्ली सरकार और MCD के बीच टाउन हॉल को ग्लोबल हेरिटेज सेंटर के रूप में विकसित करने के लिए समझौता हुआ था। अब इमारत के एक बड़े हिस्से के ढहने से उसके संरक्षण और पुनर्विकास की आवश्यकता फिर सामने आ गई है।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #160 #साल #पुराने #टाउन #हॉल #ढही #दिल्लीके160साल