ITDC India e-Press / Agencies

531 निवेशकों से 3.23 करोड़ की ठगी, आठ साल बाद आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने निवेश पर आकर्षक ब्याज और मोटा रिटर्न देने का झांसा देकर 531 लोगों से करीब 3.23 करोड़ रुपये की कथित ठगी करने के मामले में आठ साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विसर्जन (51) के रूप में हुई है। वह प्रोग्रेस प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड का पूर्व निदेशक बताया गया है। अदालत उसे पहले ही भगोड़ा घोषित कर चुकी थी।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में वर्ष 2018 में निवेशकों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि कंपनी के निदेशकों ने फिक्स्ड डिपॉजिट, रिकरिंग डिपॉजिट, मासिक आय योजना और बचत खातों के माध्यम से ऊंची ब्याज दर और आकर्षक मुनाफे का भरोसा दिलाया। इस झांसे में आकर 531 लोगों ने अपनी रकम निवेश की।

आरोप है कि कंपनी ने निवेशकों से कुल 3 करोड़ 23 लाख 59 हजार 357 रुपये जुटाए और बाद में कार्यालय बंद कर दिया। निवेशकों को न तो उनकी रकम लौटाई गई और न ही कंपनी की ओर से कोई जानकारी दी गई। जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी को भारतीय रिजर्व बैंक से आम लोगों की जमा राशि स्वीकार करने की अनुमति नहीं थी।

ईओडब्ल्यू के अनुसार, आरोपी जांच में शामिल नहीं हुआ और लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा। तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 29 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के अलीगंज से उसे गिरफ्तार किया।

इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #531 #निवेशकों #करोड़ #ठगी #साल #बाद #आरोपी #531निवेशकोंसे3