नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने इंटरपोल और केंद्रीय जांच एजेंसियों के सहयोग से दुष्कर्म के एक मामले में फरार आरोपी को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान केरल के कन्नूर निवासी 38 वर्षीय सजीर पल्ली मूप्पन उर्फ सजीर पीएम के रूप में हुई है। उसे चार नवंबर को दिल्ली लाया गया। वह पिछले कई महीनों से दुबई में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, मामला अक्टूबर 2025 का है। आरोप है कि पंजाबी बाग इलाके में कंपनी के कर्मचारियों की जन्मदिन पार्टी के दौरान 20 वर्षीय युवती को शराब और नशीला पदार्थ दिया गया। इसके बाद आरोपी उसे करोल बाग स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। होटल में पहचान छिपाने के लिए तीसरे व्यक्ति के पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप है।
जांच के दौरान आरोपी के पांच जनवरी 2026 को भारत छोड़कर यूएई जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उसकी तलाश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई शुरू की। 30 अप्रैल को भारतपोल के माध्यम से इंटरपोल को संदर्भ भेजा गया और सात जुलाई को आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया।
सीबीआई ने गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और यूएई के संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर उसकी गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद दिल्ली पुलिस की तीन सदस्यीय टीम यूएई पहुंची और आरोपी को अपनी हिरासत में लेकर भारत लौटी।
मामले में आरोपपत्र पहले ही सक्षम अदालत में दाखिल किया जा चुका है। अब आरोपी को भारत में आगे की कानूनी प्रक्रिया का सामना करना होगा।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #इंटरपोल #मदद #दुबई #आरोपी #भारत #लाया #गया #इंटरपोलकीमददसे