ITDC India e-Press / Agencies

20 महीने में रकम दोगुनी करने का झांसा, तीन करोड़ की ठगी में परिवार गिरफ्तार

नई दिल्ली: निवेश पर 20 महीने में रकम दोगुनी करने और सालाना 60 प्रतिशत ब्याज देने का लालच देकर करीब तीन करोड़ रुपये की कथित ठगी करने के मामले में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को बिहार की राजधानी पटना के दीघा इलाके से पकड़ा गया। गिरफ्तार लोगों में सत्यानंद यादव (51), एक महिला (46) और विकास यादव (28) शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, सत्यानंद यादव ‘सत्या फाइनेंशियल कंसल्टेंसी सर्विसेज’ नाम से एक फर्म संचालित करता था। आरोप है कि इस फर्म के माध्यम से लोगों को निवेश की रकम 20 महीने में दोगुनी करने और सालाना 60 प्रतिशत तक ब्याज देने का भरोसा दिलाया जाता था। आकर्षक योजनाओं के जरिए निवेशकों से बड़ी रकम जुटाई गई, लेकिन निर्धारित समय पूरा होने के बाद न तो वादा किया गया रिटर्न दिया गया और न ही मूल रकम वापस की गई।

इस मामले में सुशील कुमार शर्मा और अन्य लोगों की शिकायत पर जांच शुरू हुई थी। अब तक पुलिस को 27 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। जांच में सामने आया कि निवेशकों की रकम फर्म के बैंक खातों के साथ आरोपियों के निजी बैंक खातों में भी जमा कराई गई थी।

पुलिस के अनुसार, रकम जुटाने के बाद आरोपी कथित तौर पर अपने ठिकाने बदलकर फरार हो गए थे। उनकी तलाश में गैर-जमानती वारंट हासिल किए गए और पुराने पतों पर नोटिस चस्पा किए गए। तकनीकी निगरानी के जरिए पटना में उनकी लोकेशन का पता लगाया गया।

तीनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया है। पुलिस अब बैंक खातों, पैसों के लेन-देन और ठगी की कुल रकम की जांच कर रही है।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #महीने #रकम #दोगुनी #करने #झांसा #तीन #करोड़ #20महीनेमेंरकम