लक्ष्मी नगर के कार्यालय में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर स्थित मंगल बाजार रोड पर गुरुवार सुबह एक कार्यालय में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पहली मंजिल पर स्थित करीब 60 वर्ग गज का पूरा कार्यालय इसकी चपेट में आ गया। हादसे में बिजली का मीटर, एसी, फर्नीचर और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार्यालय में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 5:50 बजे मंगल बाजार रोड पर महाराजा बैंक्वेट हॉल के पास आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां और अन्य आपातकालीन वाहन मौके पर भेजे गए। दमकलकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया और सुबह करीब 6:15 बजे तक आग पर काबू पा लिया।
आग की लपटें देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग कार्यालय के अंदर तेजी से फैली और वहां रखा सामान इसकी चपेट में आ गया।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच के बाद ही आग लगने की वजह और नुकसान का विस्तृत आकलन सामने आएगा।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #लक्ष्मी #नगर #कार्यालय #भीषण #लाखों #सामान #जलकर #लक्ष्मीनगरकेकार्यालय