ITDC India e-Press / Agencies

नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजिटल तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली ने सेंटर ऑफ पॉलिसी रिसर्च एंड गवर्नेंस (सीपीआरजी) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत दोनों संस्थान सार्वजनिक नीति, सुशासन, डिजिटल गवर्नेंस और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में संयुक्त रूप से शोध और शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करेंगे।

समझौते का प्रमुख उद्देश्य अकादमिक शोध को नीतिगत निर्णयों और समाज की वास्तविक जरूरतों से जोड़ना है। इसके तहत दोनों संस्थान संयुक्त नीति अनुसंधान, विभिन्न सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभाव आकलन तथा मूल्यांकन करेंगे। साथ ही क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण और ज्ञान के आदान-प्रदान से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

साझेदारी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सार्वजनिक प्रणालियों में उपयोग, डिजिटल प्रशासन और तकनीकी नवाचार जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। दोनों संस्थान शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और नीति विशेषज्ञों के बीच संवाद को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करेंगे।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अनु सिंह लाठर ने कहा कि इस सहयोग को नियमित शैक्षणिक गतिविधियों और संस्थागत संवाद के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। इसके अंतर्गत संयुक्त शोध रिपोर्ट, नीति-संक्षेप और अन्य अकादमिक प्रकाशन तैयार किए जाएंगे।

इस समझौते से विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षाविदों को सार्वजनिक नीति तथा डिजिटल तकनीक से जुड़े समकालीन विषयों पर काम करने के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।


Hashtags: #DelhiState #Bhopal #आंबेडकर #विश्वविद्यालय #सीपीआरजी #शोध #समझौता #दिल्ली #आर्टिफिशियल #आंबेडकरविश्वविद्यालयऔरसीपीआरजी